ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रहा समाधान दिवस

सम्पूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त 279 शिकायतों में से मौके पर मात्र 25 का निस्तारण 


गाजीपुर। जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील कासिमाबाद में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। वहां प्राप्त  58 शिकायती प्रार्थना पत्रों में से मौके पर पांच का निस्तारण किया गया। 

     जनपद की सात तहसीलों की सूचना के अनुसार कुल 279 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें मौके पर  25 प्रार्थना पत्रों  का निस्तारण किया गया। इसमें तहसील सदर में प्राप्त 53 शिकायती प्रार्थना पत्रों में से एक का, 

तहसील मुहम्मदाबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्राप्त 43 शिकायती प्रार्थना पत्रों में से सात का, जमानियॉ तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्राप्त 40 शिकायती प्रार्थना पत्रों में से चार का, तहसील जखनियां में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 

प्राप्त 43 शिकायती प्रार्थना पत्रों में से  तीन का, 

तहसील सैदपुर में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्राप्त 15 शिकायती प्रार्थना पत्रों में से दो का एवं तहसील सेवराई में तहसीलदार की अध्यक्षता में प्राप्त 27 शिकायती प्रार्थना पत्रों में से तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। 

  इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनमानस की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए कुछ शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कराया तथा शेष शिकायतों को सम्बंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया । इस अवसर पर पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि जमीनी विवाद और आपसी विवाद एक ही विषय से सम्बन्धित होते हैं, इसलिए राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विवादों का निस्तारण सुनिश्चित करें। तहसील के समस्त लेखपालों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता की छोटी-छोटी समस्याएँ जिनका तत्काल निस्तारण किया जा सकता है, उसके लिए किसी व्यक्ति को परेशान न किया जाये। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य,  उपजिलाधिकारी कासिमाबाद, तहसीलदार कासिमाबाद, क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद एवं समस्त जनपदस्तरीय  अधिकारी उपस्थित रहे।

Views: 19

Advertisements

Leave a Reply