ससमारोह सम्पन्न हुआ पिनाक का लोकार्पण
गाजीपुर। शहर के द प्रेसीडियम इंटरनेशनल स्कूल के सभागार में वरिष्ठ साहित्यकार माधव कृष्ण द्वारा रचित निबंधों के संकलन “पिनाक” का लोकार्पण शनिवार को संपन्न हुआ। लोकार्पण का शुभारंभ मा सरस्वती और परमहंस बाबा गंगारामदास के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन व बलिया की कवयित्री डॉ कादम्बिनी सिंह की सरस्वती वंदना और गायत्री परिवार के सुरेंद्र सिंह व सहयोगियों के स्वस्ति वाचन से हुआ। इसके उपरांत समारोह के अध्यक्ष डॉ मांधाता राय, सारस्वत अतिथि प्रोफेसर अनिल राय और मुख्य अतिथि देवेंद्र आर्य को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आधार वक्तव्य रखते हुए पी जी कॉलेज गाजीपुर की हिंदी आचार्य शिखा तिवारी ने कहा कि माधव कृष्ण भारत की विराट सांस्कृतिक परम्परा से अनुप्राणित हैं लेकिन जड़ता के विरोध में दृढ़ता से खड़े होते हैं। यही इस पुस्तक के निबंधों की सफलता है जिसमें भारत के युवाओं के वैचारिक गतिशीलता के लिए प्रचुर सामग्री है।
सारस्वत अतिथि हिंदी साहित्य के ख्यातिलब्ध समालोचक और गोरखपुर विश्वविद्यालय के आचार्य प्रोफेसर अनिल राय ने कहा कि, पिनाक भगवान शिव के धनुष के रूप में विध्वंस करता है लेकिन पिनाकी वीणा के रूप में एक ऐसे संसार का सृजन भी करता है जिसमें ईश्वर और प्रकृति द्वारा रचित संसार की कमियां न हों। उन्होंने पुस्तक, इसके लेखक और वैचारिकी की सराहना करते हुए कहा कि, यह पुस्तक बहु पठित, बहु संदर्भित और गंभीर आलोचना के बाद सामने आई है, इसकी स्थापनाएं चुनौती देती हैं और पाठक को गंभीर अध्ययन की ओर प्रेरित करती हैं।
मुख्य अतिथि और हिंदी साहित्य के चर्चित वरिष्ठ कवि और चिंतक देवेंद्र आर्य ने कहा कि, डॉ माधव कृष्ण और डॉ शिखा तिवारी हिंदी साहित्य के निकट भविष्य में एक साहित्यकार दंपति के रूप में अपनी पहचान दर्ज कराएंगे। उन्होंने इस पुस्तक की निबंध कट्टरता और विवेक का उल्लेख करते हुए लेखक की स्थापना से सहमति जताई कि कट्टरता का प्रतिरोध होना चाहिए और सत्य को संस्थाबद्ध नहीं बल्कि सैद्धांतिक रूप से स्वीकार करना चाहिए।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ मांधाता राय ने कहा कि, यह पुस्तक वैदिक और औपनिषदिक परम्परा से पुष्ट निबंधों के माध्यम समाज की विविध समस्याओं से जूझने का कार्य किया है।
लेखक माधव कृष्ण ने लेखकीय आभार और ममता उपाध्याय ने धन्यवाद ज्ञापन किया। समारोह में अर्थशास्त्री श्रीकांत पाण्डेय, मनोवैज्ञानिक अंबिका पांडेय सहित विविध क्षेत्रों के प्रतिनिधि अमरनाथ तिवारी, दिनेश्वर दयाल, संजय कुमार, सुजीत सिंह प्रिंस, कुंवर वीरेंद्र सिंह, शीर्ष दीप, पारसनाथ सिंह, वीरेंद्र प्रताप सिंह, आतिश श्रीवास्तव, रंजना राय, अनीशा सिंह, जे पी ठाकुर, रामनिवास यादव, रामनगीना कुशवाहा, गोपाल सिंह, अच्छेलाल कुशवाहा, अखिलेश्वर प्रसाद सिंह इत्यादि उपस्थित रहे।
Views: 55









