सम्भावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का मंत्री ने किया स्थलीय निरीक्षण 

रुद्राक्ष, बरगद एवं आम के पौधे का रोपण कर दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश


राहत कार्य में किसी स्तर की लापरवाही क्षम्य नहीं – स्वतंत्र देव सिंह 

गाजीपुर। प्रदेश सरकार के सिंचाई एवं जल संसाधन, बाढ नियंत्रण, परती भूमि विकास, लघु सिंचाई, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग उत्तर प्रदेश मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने गुरुवार को संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर वहां की स्थिति से रुबरु हुए और सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया।                                                                                         

            उन्होंने शेरपुर के जलालपुर मौजा में बन रहे गंगा कटान को रोकने के लिए बोल्डर पैचिंक कार्य के स्थलीय निरीक्षण के क्रम में नाव द्वारा शेरपुर के निषाद बस्ती तक अवलोकन किया एवं मौके पर उपस्थित अधिशासी अभियंता एवं सम्बन्धित अधिकारियों को ऐतिहासिक गांव को बचाने के लिए सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण से पूर्व मंत्रीजी ने ‘‘एक पेड़ मॉ के नाम वृक्षारोपण महाअभियान के अन्तर्गत गंगा तट पर रुद्राक्ष, बरगद एवं आम के पौधे का रोपण कर लोगों को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।

            जन चौपाल को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पूरे प्रदेश में बाढ़ नियंत्रण के लिए बाढ़ नियंत्रण चौकियां, बाढ़ शरणालय एवं अन्य विविध उपाय कर रही है जिससे आम जनमानस को गंगा एवं अन्य नदियों में बढ़ रहे जलस्तर से कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। उन्होने अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा कि इसमें किसी स्तर की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों का पहले से ही भ्रमण करते हुए जहां भी अवश्यक हो वहां लोगों को राहत पहुचाने का कार्य किया जाये। 

     इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वि.रा. दिनेश कुमार, अधिशासी अभियन्ता देवकली पम्प नहर कैनाल राजेन्द्र प्रसाद चौधरी, ग्राम प्रधान एवं आमजन उपस्थित रहे।

Views: 219

Advertisements

Leave a Reply