पारिवारिक विवाद में चली गोली, दो लोग घायल
गाजीपुर । सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टोडरपुर में गोली चलने की सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर हमलावरों की सुरागरसी में लगी हुई है।।
बताया गया कि ग्राम टोडरपुर में लीलावती यादव पत्नी स्वर्गीय जीवित यादव अपने मकान में अपने लड़के रामबाबू यादव व राहुल यादव के साथ रहती हैं। इसी मकान में उनकी विवाहिता पुत्री अंबालिका यादव पत्नी दिनेश यादव उर्फ बबलू यादव भी आकर रह रही थी। विगत तीन माह से इनका दामाद दिनेश यादव उर्फ बबलू यादव पुत्र पारसनाथ यादव निवासी विश्रामपुर थाना करंडा भी आकर रहने लगा था। इसका विरोध रामबाबू यादव करने लगा था और आज दोनों में पारिवारिक सम्पत्ति को लेकर कहा सुनी हो रही थी जिस पर दिनेश यादव ने फोन कर अपने सहयोगियों को बुलाया। आये सहयोगी ने फायरिंग कर दी। फायरिंग में रामबाबू यादव (32वर्ष)के पीठ में गोली लगी और पेट की तरफ से बाहर निकल गई तथा बीच बचाव कर रहे पड़ोसी पीयूष यादव पुत्र राम सहाय यादव उम्र 26 वर्ष के हाथ में भी गोली लगी। गोली चलाने के बाद दिनेश यादव और उसका सहयोगी मौके से भाग निकले। आनन-फानन में घायल रामबाबू यादव प्राथमिक उपचार उपरांत इलाज हेतु सिंह हॉस्पिटल चले गए तथा पीयूष यादव सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सैदपुर में इलाजरत हैं। पुलिस फायरिंग की जांच कर हमलावरों की टोह में लगी हुई है।
Views: 209









