वृक्षारोपण कर मनाया गया पर्यावरण दिवस
प्लास्टिक प्रदूषण को रोकने हेतु संकल्पित होने की आवश्यकता पर दिया बल
गाजीपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति एवं सामाजिक वानिकी वन प्रभाग द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस वर्ष पर्यावरण दिवस की थीम एंडिंग प्लास्टिक ग्लोबली रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद डॉक्टर संगीता बलवंत ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ वीवकेव सिंह, एमएलसी प्रतिनिधि डॉ. प्रदीप पाठक आदि लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत प्रभागीय निदेशक विवेक यादव ने पुष्प गुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं सिंदूर का पौधा देकर किया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने कहा कि पर्यावरण दिवस प्रत्येक वर्ष 5 जून को मनाया जाता है। प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करने के लिए संकल्पित होने की जन-जन को आवश्यकता है, प्लास्टिक प्रदूषण पृथ्वी को घातक प्रभावो जलवायु परिवर्तन का संकट, प्रकृति, भूमि और जैव विविधता का नुकसान तथा प्रदूषण और कचरे का संकट जैसे प्रभाव को बढ़ावा देता है। प्लास्टिक के प्रयोग को रोकना होगा एवं प्रत्येक व्यक्ति को एक पेड़ अपने मां के नाम अवश्य लगाना होगा। नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण पांच तत्वों से मिलकर बना है पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश हमें पर्यावरण के संरक्षण की दिशा में कार्य करने की आवश्यकता है। जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने भी पर्यावरण संरक्षण पर प्रकाश डाला एवं गंगा दशहरा के महत्व को विस्तार पूर्वक रखा। विश्व पर्यावरण दिवस के अंतर्गत अलग-अलग विकास खण्ड में निबंध, चित्रकला, वाद- विवाद प्रतियोगिता में प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विजेताओं को स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र एवं सिंदूर का पौधा वितरित किया गया। कार्यक्रम के उपरान्त सभी अतिथियों ने एक पेड़ मां के नाम के थीम के साथ आम एवं महोगनी के पौधो को कृषि विज्ञान केंद्र के प्रांगण में रोपित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर डॉक्टर जीव सिंह, क्षेत्रीय वन अधिकारी नम्रता सिंह, उप क्षेत्रीय वन अधिकारी, वन विभाग के कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

वहीं विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पीजी कॉलेज मलिकपुरा एवं महावीर इंटर कॉलेज मलिकपुरा के संयुक्त तत्वाधान में एनसीसी कैडेट्स द्वारा वृक्षारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण की सीख दी गयी।
एनसीसी प्रभारी कैप्टन प्रो. डॉ चंद्रभान सिंह, एएनओ राजेश प्रताप यादव एवं एनसीसी 92 बटालियन के सूबेदार मेजर विनोद कुमार तथा हवलदार राम लोट सिंह के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट द्वारा महाविद्यालय एवं इंटर कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के संयोजक महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दिवाकर सिंह ने वर्तमान समय में प्राकृतिक असंतुलन की चर्चा करते हुए पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कैडेट्स की हौसला-आफजाई करते हुए पर्यावरण सुरक्षित रखने के लिए पौधारोपण करते हुए उन्हें संरक्षित करने की आवश्यकता पर बल दिया। पौधारोपण अभियान में वरिष्ठ अध्यापक डॉ दिनेश कुमार सिंह, अनुज कुमार सिंह के साथ ही आशीष कुमार सिंह, प्रवीण कुमार,अखिलेश सिंह यादव तथा शाहनवाज ने प्रमुख सहयोग प्रदान किया
सादात प्रतिनिधि के अनुसार, श्री महंत शिवदास उदासीन इंटर कॉलेज (समता) सादात में गुरुवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कालेज प्रबंधक इंजीनियर सभाजीत सिंह, प्रधानाचार्य राजेश यादव, एनसीसी ऑफिसर कैप्टन सर्वेश यादव के निर्देशन में कैडेटों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए पौधरोपण किया। कालेज के प्रबंधक इंजी. सभाजीत सिंह ने कहा कि एक वृक्ष दस पुत्रों के समान होता है। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर जोर दिया। कहा हरियाली ही हमारी सांसों का आधार है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाए और इसका संरक्षण करे। इसी क्रम में बापू इंटर कॉलेज, गोविंद इंटर कॉलेज में भी एनसीसी कैडेटों ने पौधरोपण कर इसके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में शिक्षक और एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।
Views: 62







