पत्नी से विवाद के बाद वृद्ध ने फंदे पर लटक कर दे दी जान
गाजीपुर। पारिवारिक कलह से खिन्न होकर वृद्ध ने फांसी के फंदे पर लटक कर अपनी जान दे दी। यह दर्दनाक घटना नोनहरा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में मंगलवार की रात घटी। वृद्ध गोरख पांडेय (60 वर्ष) पुत्र स्व. स्वरूप पांडेय की मंगलवार रात भोजन के बाद पत्नी से कहा सुनी हो गई। विवाद से खिन्न होकर वे घर से बाहर चले गए और फिर पत्नी भी सोने चली गई।
अलसुबह जब गांव के लोग शौच के लिए खेतों की ओर गए, तो खेत के पास शीशम के पेड़ पर गोरख पांडेय का शव लटकता देख सन्न रह गए। घटना की जानकारी पाकर थोड़ी ही देर में वहां लोगों की भीड़ लग गई। बताया गया कि गोरख पांडेय गांव में अपनी पत्नी के साथ रहते थे। उनका पुत्र दीपक पांडेय बनारस में नौकरी करते हैं और अपनी पत्नी के साथ वहीं रहते हैं।
सूचना पाकर नोनहरा थानाध्यक्ष दीपक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर पर आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Views: 140








