मार्च पास्ट में स्काउट/गाइड ने बिखेरी छटा
संयुक्त शिक्षा निदेशक ने किया मंडलीय रैली का शुभारम्भ
गाजीपुर। स्काउट/गाइड की 26वीं मंडलीय रैली का शुभारम्भ मुख्य अतिथि, संयुक्त शिक्षा निदेशक वाराणसी मंडल रामशरण सिंह ने किया। सादात क्षेत्र के बैजल बघेल इंटर कॉलेज मिर्जापुर में आयोजित त्रिदिवसीय रैली बुधवार को आरम्भ हुई। रैली का उद्घाटन संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) रामशरण सिंह ने कार्यक्रम अध्यक्ष हरेंद्र राय,जिला विद्यालय निरीक्षक भाष्कर मिश्र, जिला सचिव डॉ अरविंद सिंह, सह संयोजक प्रधानाचार्य जगदीश सिंह के साथ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन और दीप प्रज्वलन के उपरांत स्काउट ध्वज फहराकर किया।
स्काउट गाइड की इस रैली में प्रतिभाग कर रही चंदौली, जौनपुर और गाजीपुर जिले की कुल 33 टीमों के स्काउट गाइडों ने बैंड-बाजे की धुन पर मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में चंद्रशेखर शक्तिपीठ इंटर कॉलेज आलावलपुर गाज़ीपुर की गाइड काजल यादव ने “फेरो ना नजर से नजरिया” गीत पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। उसके शानदार प्रदर्शन पर उसे पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। रैली के सह संयोजक प्रधानाचार्य डॉ. जगदीश सिंह, जिला सचिव डॉ अरविंद सिंह और कोषाध्यक्ष छविनाथ मिश्र ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया।
अपने सम्बोधन में मुख्य अतिथि ने स्काउट गाइड की चर्चा करते हुए कहा कि यह बच्चों में अनुशासन, स्वावलंबन, समयबद्धता, राष्ट्रीयता तथा मानव सेवा के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने की क्षमता का विकास करता है। अध्यक्षीय उद्बोधन में सनातन धर्म इंटर कॉलेज वाराणसी के प्रधानाचार्य डॉ हरेंद्र राय ने कहा कि स्काउट गाइड एक पवित्र संस्था है, जो देश के भावी जिम्मेदार नागरिक का निर्माण करती है। इसके प्रार्थना में अध्यात्म से लेकर भौतिकतावाद, सब कुछ निहित है।
उद्घाटन समारोह में सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त रविंदर कौर सोखी, जौनपुर के डीओसी राकेश मिश्रा, गाजीपुर के डीओसी दिनेश सिंह यादव, चंदौली के सैयद अंसारी, जिला प्रशिक्षण आयुक्त प्रमोद कुमार यादव, डॉ. उदयभान सिंह, राजेश पांडेय, सुशील कुमार सिंह, सुदामा विश्वकर्मा, धनंजय मिश्रा, ब्रह्मानंद सिंह, नंदलाल गिरी, कैलाशनाथ सिंह, अनिल यादव, श्रीकांत सिंह, गाइड श्वेता कश्यप, सुरेखा, इनामुल्लाह अंसारी, लालू यादव, गोवर्धन गुप्ता सहित विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक और छात्र छात्रा मौजूद रहे। संचालन रविंदर कौर सोखी ने किया।
Views: 6








