सड़क पर धान रोपकर विरोध प्रदर्शन
गाजीपुर। गाज़ीपुर सिटी रेलवे स्टेशन के समीप ग्रामसभा फत्तेहपुर सिकंदर कालीनगर कालोनी के ग्रामीणों ने गन्दी नालियों के जाम होने से सड़क पर बह रहे नाली के बदबुदार पानी में धान रोपकर प्रदर्शन करते हुए जिला प्रशासन को आईना दिखाया। उन्होंने बताया कि कालीनगर कालोनी में करीब 250 मकान है और सभी मकानों का पानी नालियों से होकर जाता है। ग्राम प्रधान द्वारा कभी भी नियमित नालियों की सफाई नहीं कराई जाती है। इससे सभी नालियां जाम है। यह सड़क कालीनगर कालोनी से होते हुए मिश्रवलिया व रौजा को जोड़ती है। कालीनगर कालोनी से मिश्रवलिया तक सड़क के दोनों तरफ बनी नालियां बीच- बीच में टूटी और जाम हैं। आगे रौजा तक की सड़क के दोनों तरफ नाली न होने से घरों का निकला गंदा पानी पूरे सड़क पर बहता है। इस रास्ते पर स्कूल व मंदिर भी हैं , पढ़ने वाले बच्चों सहित पूजन-अर्चन करने वाले व आने-जाने वाले लोगों को इस गंदे नाली के पानी में से ही होकर जाना पड़ता है। कई बार लोग इस नाली के पानी में गिरकर घायल भी हो गये है। महीनों से जमे गंदे नाली के पानी से डेंगू सहित अन्य संक्रामक बीमारी फैलने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। इसको लेकर कई बार ग्रामवासियों ने ग्राम प्रधान सहित ब्लाक सदर के बीडीओ व जिला प्रशासन को पत्र लिखकर स्थाई समाधान हेतु निवेदन किया परन्तु कोई सुनवाई न होने पर ग्रामवासियों ने सड़क पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराया। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय सहित मुहल्ले वासियों ने कहा कि लापरवाह कर्मचारियों पर तत्काल जांच बैठाकर उचित कार्रवाई के साथ ही नाली के पानी का स्थायी समाधान कराया जाये। प्रदर्शन करने वालों में जितेन्द्र शर्मा, संजय कुमार राय, रविशंकर वर्मा, सुरेन्द्र पाण्डेय, उमाशंकर राय, मनीष कुमार पांडेय, अखिलेश कुमार राय, अखिलेश पाण्डेय,नान्हू बिन्द, राजेश कुमार यादव, राजेश पाण्डेय,चंदन राय,सोनू कुमार, अनिमेष कुशवाहा,आयुष कुमार, अनिल कुमार राय, प्रमोद कुमार सिंह, टिंकू ठाकुर, शिवम गुप्ता,चंदन राय, प्रमोद कुमार सिंह,छोटू बिन्द, पप्पू राय आदि मुख्य रहे।
Views: 9










