औसत 55.22 प्रतिशत पर बंद हुआ मतदान

मतदान में वृद्धों, असहायों व दिव्यांगो ने भी निभाई भागीदारी 


मीना के मतदान के बाद उठी पति की अर्थी 

गाज़ीपुर। लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2024 के अंतिम चरण का चुनाव एक जून को सम्पन्न हुआ। लोकतंत्र के महापर्व में युवकों, युवतियों, वृद्ध व असहाय मतदाताओं ने भी इसमें बढ़ चढ़ कर भागीदारी सुनिश्चित की। ह्वील चेयर तथा कुर्सी का सहारा लेकर वृद्धों महिलाओं तथा दिव्यांग जनों ने वोट दिया। 

       छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। गर्मी और तपीश के चलते मतसा मतदान केन्द्र पर तैनात बस्ती कोतवाली से आए उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव की तबीयत बिगड़ गयी। पीएसी 35 बटालियन लखनऊ से आए आरक्षी सर्वेश कुमार व फालोवर अनुज कुमार भी गर्मी से बिमार होकर गिर पडे। सूचना पर पुलिस प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और सभी बिमार लोगों को तहसील स्थित पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां तीनों का इलाज किया जारी है।

       बहरियाबाद थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बबुरा के बूथ संख्या 51 पर शुरू के मात्र चार मत ही पड़े कि ईवीएम में अचानक आई खराबी के कारण मतदान रुक गया। सूचना पर पहुंचे सेक्टर मजिस्ट्रेट ने ईवीएम की खराबी दूर कराकर करीब बीस मिनट बाद मतदान पुनः शुरू कराया। वहीं सादात क्षेत्र के ही प्राथमिक विद्यालय सरसौली के बूथ संख्या 14 पर ईवीएम में खराबी के कारण मतदान एक घंटा विलंब से शुरू हुआ। इसके चलते मतदाताओं की लंबी कतार लग गई थी। 

      मतदान की आवश्यकता को समझते हुए शिशुआपार सादात की मीना देवी ने, अपने मृत पति का शव उठाने से पहले, मतदान करके लोकतंत्र के पर्व में भागीदारी निभाई। उनके पति राधे प्रजापति का शुक्रवार की रात वाराणसी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय हॉस्पिटल में इलाज के दौरान निधन हो गया था।

    उल्लेखनीय रहा कि पूर्वांह 09 बजे तक विधानसभा वार पड़े मतों में गाज़ीपुर सदर क्षेत्र में 13.25, सैदपुर क्षेत्र में 13,जंगीपुर क्षेत्र में 13.07, ज़मानियां क्षेत्र 13.47 तथा जखनिया क्षेत्र में 12.93  प्रतिशत मत पड़े। इसी प्रकार  पूर्वांह 11 बजे तक जखनियां क्षेत्र में 27.97, सैदपुर क्षेत्र में 27.92, गाज़ीपुर सदर क्षेत्र में  27.34, जंगीपुर क्षेत्र में 27.72 तथा ज़मानियां क्षेत्र में 26.51 प्रतिशत मत पड़े।

         वहीं अपरान्ह एक बजे तक जखनियां क्षेत्र में  39.65, सैदपुर क्षेत्र में 39.31, गाज़ीपुर सदर क्षेत्र में 39.46, जंगीपुर क्षेत्र में   39.67 तथा ज़मानियां क्षेत्र में 36.43 प्रतिशत मत पड़े।

           अपरान्ह तीन बजे तक जखनियां क्षेत्र में 46.38, सैदपुर क्षेत्र में 47.04, गाज़ीपुर सदर क्षेत्र में 47.6, जंगीपुर क्षेत्र में 46.46 तथा ज़मानियां क्षेत्र में 43.08 प्रतिशत मत पड़े । 

   इसी प्रकार संध्या पांच बजे तक जखनियां क्षेत्र में 54.55, सैदपुर क्षेत्र में 53.45, गाज़ीपुर सदर क्षेत्र में 55.00, जंगीपुर क्षेत्र में 53.24 तथा ज़मानियां क्षेत्र में 48.95 प्रतिशत मत पड़े।   इस प्रकार संध्या पांच बजे तक कुल 52.98 प्रतिशत मत पड़ चुके थे।

          संध्या समय छह बजे औसत 55.22 प्रतिशत पर जाकर मतदान बंद हुआ। इसमें जखनियां क्षेत्र में 56.5, सैदपुर क्षेत्र में 55.34, गाज़ीपुर सदर क्षेत्र में 57.66, जंगीपुर क्षेत्र में 57.2 तथा ज़मानियां क्षेत्र में 49.97. प्रतिशत की भागीदारी रही।

     निर्वाचन में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों तथा मतदान केन्द्रों पर मौजूद अभिकर्ताओं की उपस्थिति में ईवीएम को सील किया गया। सभी दस उम्मीदवारों के भाग्य ईवीएम में बंद हो गये। किस उम्मीदवार को कितने मत मिले और किसके सिर विजय का‌ सेहरा बंधेगा, इसे लेकर अब चर्चाएं शुरू हो गई हैं। 

   सत्यता यही है कि दस उम्मीदवारों में से किसे विजयश्री मिलेगी और कौन लोकसभा पहुंचेगा,  यह चार जून को मतगणना के उपरांत ही तय होगा। 

Views: 8

Advertisements

Leave a Reply