आंगनवाड़ी केन्द्र संचालक डकार रहे बाल पुष्टाहार

 

गाज़ीपुर। बाल विकास परियोजना कार्यालय सादात के अन्तर्गत आने वाले नगरीय इलाके के आंगनवाड़ी केन्द्र हाथी के दांत बनकर मात्र दिखाने को रह गये हैं। कहने को तो एक दर्जन से अधिक आंगनवाड़ी केन्द्र संचालित हैं परन्तु वहां का पूरा पुष्टाहार काली कमाई की भेंट चढ़ रहा है।


        बताया गया है कि बाल विकास परियोजना कार्यालय सादात से संबद्ध 306 आंगनबाड़ी केंद्र सम्बद्ध हैं। आये दिन इन केंद्रों से पुष्टाहार वितरण में घपलेबाजी की शिकायतें सुनी जाती हैं परन्तु विभागीय अधिकारी और कर्मचारी सब कुछ जानने के बावजूद मौन साधे रहते हैं। ऐसे में अनेकों केन्द्र संचालकों द्वारा पुष्टाहार वितरण में धांधली की जाती है और अनेकों केन्द्र संचालक लाभार्थियों को दिए जाने वाला पोषाहार बाजार में दुकानदारों को बेचकर अपनी जेब गर्म कर लेते हैं। 

      नगर पंचायत के वार्ड तीन निवासी इरफान, घुटरु, गोलू विश्वकर्मा, विनोद, आनंद आदि ने विभागीय अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई कि लाभार्थियों को पुष्टाहार वितरित नहीं किया जा रहा है। बताया कि सितंबर माह का दाल, दलिया, तेल, चावल नहीं मिला। हालांकि इस्लामिया स्कूल पर आंगनबाड़ी सुपरवाइजर मंजू सिंह एवं पार्वती देवी ने वार्ड दस और आठ के कुछ लाभार्थियों को पुष्टाहार वितरित कराया था। नगर पंचायत के शेष 13 केंद्रों पर भी कमोबेश यही हाल रहा, जहां किसी किसी को पोषाहार वितरित कर फोटोग्राफी कराकर प्रक्रिया पूरी कर ली गई। इस बार सभी केंद्रों पर अक्तूबर माह का राशन वितरण हेतु प्राप्त तो हुआ है, लेकिन निर्धारित 13 से 15 दिसंबर की अवधि बीतने के बावजूद  केन्द्रों से पुष्टाहार वितरित नहीं किया गया। नगर के वार्ड तीन की गायत्री, चार की गीता और आठ की अख्तरुन्निषा को लेकर सबसे ज्यादा शिकायतें आती रही हैं, जिसे विभागीय पोर्टल पर भी देखा जा सकता है। 

       प्रायः देखा जाता है कि संबंधित वार्ड के सभासदों की मौजूदगी में केन्द्र संचालक चंद लोगों को पुष्टाहार वितरित कर शेष राशन खुद डकार लेता है। इस बारे में बाल विकास परियोजना अधिकारी सीडीपीओ धनेश्वर राम का कहना है कि पोर्टल पर नगर के कुछ केंद्रों के खिलाफ पुष्टाहार वितरण में धांधली की शिकायतें मिली है, इसकी जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी।

Views: 2

Advertisements

Leave a Reply