समय पर होंगे विधानसभा चुनाव – चुनाव आयोग

यूपी के सभी दलों ने समय पर चुनाव की मांग की, बुजुर्गों-दिव्यांगों को घर से वोट की सुविधा

लखनऊ। चुनाव आयोग ने गुरुवार को राजधानी में पत्रकार वार्ता कर आगामी विधानसभा चुनावों पर चर्चा की। चुनाव आयोग के अनुसार उत्तर प्रदेश के सभी दलों ने उनसे समय पर चुनाव कराने की मांग की है। सम्भवतः चुनाव की तारीखों का ऐलान नये वर्ष में पांच जनवरी के बाद होगा।
     जानकारी के अनुसार बुजुर्गों, दिव्यांगों और कोरोना संक्रमितों को घर से मतदान की सुविधा प्रदान की जायेगी। वहीं मतदान केंद्र और मतदान समय भी बढ़ाया जाएगा।
     बताते चलें कि अगले वर्ष की शुरुआत में  उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा, उत्तराखंड और मणिपुर में चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों के सुझावों पर अमल करते हुए कुछ बदलाव किए हैं।
      मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुशील चंद्रा ने वार्ता में बताया कि 80 वर्ष से अधिक उम्र के वोटर, दिव्यांग वोटर, कोविड संक्रमित वोटर के लिए घर से वोट डालने की सुविधा होगी। मतदाता अन्य आईडी कार्ड से भी वोट डाल सकेंगे और मतदान का समय सुबह 8 से शाम 6 बजे तक होगा। सभी बूथ पर ईवीएम लगाई जाएगी। 400 मॉडल पोलिंग बूथ के साथ हर क्षेत्र में आदर्श पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे।उत्तर प्रदेश में 800 महिला पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे।
     चुनाव आयोग ने बताया कि कोरोना को ध्यान में रखते हुए यूपी में पोलिंग बूथ की संख्या को 11 हजार तक बढ़ाया जायेगा।प्रदेश में कुल 1लाख,74 हजार 391 बूथ होंगे।एक बूथ पर पहले 1500 वोट होते थे, जिन्हें घटाकर 1200 किया गया है।राज्य में 4030 मॉडल पोलिंग बूथ होंगे, प्रति विधानसभा में 10 मॉडल बूथ होंगे।सभी बूथों पर ईवीएम में वीवीपैट लगाई जायेगी।
     मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुशील चंद्रा ने बताया कि 18 से 19 साल के नए मतदाताओं की संख्या पिछले चुनाव से तीन गुना ज्यादा है।18-19 आयु वर्ग के 19.89 लाख मतदाता हैं। एक हजार पुरुष मतदाताओं में 839 महिलाओं का अनुपात अब 868 हो गया है। मतलब पांच लाख महिला मतदाता बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में मतदाताओं की कुल संख्या 15 करोड़ से अधिक है।एस एस आर 2022 के अनुसार अब तक 52.8 लाख नये मतदाताों को सम्मिलित किया गया है। इसमें 23.92 लाख पुरूष और 28.86 लाख महिला मतदाता हैं।

Visits: 118

Leave a Reply