विश्व कैडेट चैंपियनशिप में महिलाओं के 75 किलोग्राम भारवर्ग में प्रिया मलिक ने जीता स्वर्ण


दिल्ली। देश की बेटियों ने अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। देश की हरियाणवी बेटी प्रिया मलिक ने हंगरी के बुडापेस्ट में आयोजित विश्व कैडेट चैंपियनशिप में महिलाओं के 75 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीत कर देश का नाम विश्व पटल पर चमकाया है। इस स्पर्धा में प्रिया मलिक ने बेलारूस की पहलवान को 5-0 से पटकनी दी है।
   प्रिया मलिक की इस उपलब्धि पर पूरा देश गर्वित है। हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह ने प्रिया मलिक की इस जीत पर बधाई देते हुए ट्वीट किया है, “महिला कुश्ती खिलाड़ी प्रिया मलिक, हरियाणा की बेटी को हंगरी के बुडापेस्ट में आयोजित विश्व कैडेट रेसलिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई।”
         उल्लेखनीय है कि प्रिया मलिक ने अपनी हिम्मत और हौसले के बल पर अब तक कई स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। वह
वर्ष 2019 में पुणे में खेलो इंडिया में, 2019 में दिल्ली में 17वीं स्कूल गेम्स और 2020 में पटना में नेशनल कैडेट चैंपियनशिप का स्वर्ण पदक अपने नाम कर चुकी हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने वर्ष 2020 में सम्पन्न राष्ट्रीय स्कूल खेलों में भी स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया था।
    बताते चलें कि इससे पूर्व जापान के टोक्यो में शनिवार को मीराबाई चानू ने टोक्यो ओलंपिक के वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में रजत पदक पर कब्जा किया था। उन्होंने 49 किलोभार वर्ग में रजत पदक का तोहफा दिया था।

Views: 185

Leave a Reply