उठा पटक! सपना सिंह ने ली भाजपा की सदस्यता, जिला पंचायत अध्यक्ष की बनीं उम्मीदवार

गाजीपुर। अध्यक्ष जिला पंचायत के चुनाव की तारीख जैसे जैसे नजदीक आती जा रही है, वैसे वैसे भावी उम्मीदवार अपनी पकड़ मजबूत बनाने के लिए प्रयास कर रहे हैं।
   सबसे बड़ी परेशानी उन राजनैतिक दलों की है जहां उनके पार्टी के कई लोग अध्यक्ष बनने के लिए ताल ठोंक रहे हैं। हर दिग्गज उम्मीदवार दूसरे को पटकनी देकर अपनी गोटी लाल करने में लगा है।
 

इसी क्रम में आज जिले के बदलते राजनीतिक
घटनाक्रम के बीच जिला पंचायत अध्यक्ष पद की प्रबल दावेदार सपना सिंह ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने उन्हें पुष्प गुच्छ देकर पार्टी में शामिल किया।
      बताते चलें कि भाजपा में अध्यक्ष जिला पंचायत के लिए सपना सिंह और वंदना यादव ने दावेदारी जताई। इन नामों को पीछे दोनों लोगों के गाडफादर अपने उम्मीदवार को पार्टी सिंबल दिलाने में लगे थे। जिला पंचायत सदस्य वंदना यादव के पति विजय यादव जहां भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हैं तो वहीं जिला पंचायत सदस्य सपना सिंह पर उनके करीबी विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल का वरदहस्त है।
    राजनीतिक गलियारे में चल रही जबरदस्त चर्चाओं के बीच भाजपा ने सपना सिंह को अपना  अधिकृत उम्मीदवार घोषित कर दिया।
     सदस्यता ग्रहण करने के बाद सपना सिंह ने कहा कि एक मजबूत कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के लिए तत्पर रहुंगी। वरिष्ठ पार्टी नेताओं- कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हुए सदैव पार्टी व पार्टीजनों के लिए कार्य करती रहूंगी। इस अवसर  पर महामंत्री ओमप्रकाश राय, पूर्व जिलाध्यक्ष वृजेंद्र राय, अखिलेश सिंह, राघवेंद्र सिंह, अच्छेलाल गुप्ता, डा. मुकेश सिंह, पंकज सिंह चंचल, शैलेंद्र सिंह, मोहित श्रीवास्तव, देवांशु देव श्रीवास्तव, राजन सिंह, बच्चा तिवारी सहित काफी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

Visits: 184

Leave a Reply