तेंदुए ने दो बच्चों को किया लहुलुहान

बुधवार रात तेंदुए ने दो बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। हमले की जानकारी पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घायल बच्चों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बताया गया कि पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) की बराही रेंज के निकट फैजुल्लागंज क्षेत्र में बुधवार की रात घटी। वहां सुतिया नाले के समीप ग्रामीणों के झोपड़ीनुमा घर के समीप बुधवार रात घरों से बाहर खेल रहे बच्चों पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शी, वहां की गीता देवी के मुताबिक उनका परिवार जंगल से सटे खेत के पास ही रहता है। वहीं नजदीक में गेहूं के खेत हैं। उनका आठ वर्षीय बेटा सौरभ गांव के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। उसी दौरान रात करीब आठ बजे गेहूं के खेत से तेंदुआ निकलकर आया और बच्चों पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले से उनका बेटा सौरभ और वहीं के मुनीम का नौ वर्षीय पुत्र विकास जख्मी हो गये। उसके बाद तेंदुआ सौरभ को मुंह में दबाकर खेत की तरफ जा रहा था। तभी कुछ ग्रामीणों ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर अन्य लोग इकट्ठे हो गए और ट्रैक्टर पर बैठकर खेत पर गए, जिससे तेंदुआ वहां से भाग निकला।
घायल हालत में मिले दोनों बच्चों को निजी वाहन से पूरनपुर सीएचसी ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीएचसी के डॉ. सहसपाल सिंह ने बताया कि दोनों बच्चों की गर्दन पर घाव मिले हैं, जो किसी वन्यजीव के हमले के हैं। घायल सौरभ की हालत ज्यादा गंभीर है। दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
उधर, बराही रेंजर डीके गोयल ने बताया कि फैजुल्लागंज क्षेत्र में तेंदुए के हमले की जानकारी मिली है।

रिपोर्ट – श्रवण यादव

Views: 122

Leave a Reply