गिरी गाज ! अवैध खनन की भेंट चढ़े दो डीएम

लखनऊ (उत्तर प्रदेश) ,07 जून 2018। प्रदेश में सरकारी कामकाज में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों पर गाज गिरनी शुरू हो गयी है। इसकी शुरुआत आज
फतेहपुर व गोंडा जिलाधिकारी के निलंबन से हो गयी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री द्वारा आज दो जिलाधिकारियों के निलम्बन किये जाने से प्रदेश के प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गयी है। अवैध खनन और वित्तीय अनियमितताओं में लिप्तता की शिकायत पर आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी कार्यवाही करते हुए फतेहपुर के डीएम प्रशांत कुमार और गोंडा के डीएम जेबी सिंह को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया। इससे पूर्व सीएम योगी आदित्यनाथ ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि जो सरकारी अधिकारी काम को लेकर लापरवाही बरतेगा या किसी अपराध में दोषी पाया जायेगा, तो उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी। उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने के उपरान्त मुख्यमंत्री अब जनपदीय विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। वहां कमी मिलने पर काररवाई निश्चित है। बताया गया है कि फतेहपुर के डीएम प्रशांत कुमार और गोंडा के डीएम जेबी सिंह के खिलाफ लगातार अवैध खनन में शामिल और वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतें आ रही थी जिसके मद्देनजर यह काररवाई की गयी है।

Views: 74

Leave a Reply