एक साल नयी मिशाल, भ्रष्टाचार के विरुद्ध पोर्टल लांच

लखनऊ (उत्तर प्रदेश),19 मार्च 2018। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने भाजपा सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाये जा रहे अपने अभियान के तहद एक पोर्टल लांच किया। इसके द्वारा कोई भी व्यक्ति वीडिओ-आडियो भेज कर शिकायत कर सकता है। उसकी पहचान गुप्त रखी जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों के लिए मिट्टी को रॉयल्टी फ्री कर दिया गया है। किसानों को अब कहीं भी पुलिस या तहसील कर्मी उनकी चेकिंग व वसूली नहीं कर सकेंगे। योगी ने आगे कहा कि जो ईंट भट्ठा मालिक ईंट के दाम कम करेंगे, उन्हें भी मिट्टी पर रॉयल्टी मिलेगी। सीएम ने 64 सरकारी विभागों में खाली पड़े 4 लाख पदों पर इसी साल भर्ती किये जाने की भी घोषणा की।
सीएम ने कहा कि ‘एक साल नई मिसाल’ के माध्यम से विकास की शुरुआत की है। भ्रष्टाचार, गुंडाराज और अराजकता का अनैतिक कार्य हमने खत्म किया है। हमारी सरकार ने लोक कल्याण संकल्प पत्र प्रस्तुत किया था, जिसके द्वारा आम जनता के हितों की योजनाओं को आम जन तक पहुंचाने का कार्य किया। यूपी में परिवारवाद, जातिवाद, मत और मजहब के आधार पर समाज को बांटने वाली विघटनकारी शक्तियां राज करती रहीं, लेकिन आज गांव, गरीब, किसान, दलित और वंचित समाज के अंतिम पंक्ति पर खड़ा हुआ व्यक्ति भी यूपी में हमारे एजेंडे का हिस्सा है। उन्होंने कहा, किसानों की आय दोगुना करने के लिए लघु एवं सीमांत किसानों के एक लाख तक के कर्जे को माफ कर दिया गया। फसल ऋण मोचन से लेकर धान क्रय और गन्ना सहित तमाम किसानों के मुद्दों को जोड़ेंगे तो 80,000 करोड़ रुपए तक की धनराशि किसानों के खातों में भेजने का कार्य किया है। हमारी सरकार ने समूह ग और घ की सभी भर्तियों में इंटरव्यू की व्यवस्था खत्म कर दी। प्रदेश में दंगों पर रोक लगी है और विकास व कानून व्यवस्था का राज कायम हो रहा है।
हमारी सरकार ने 11 लाख आवास गरीबों को उपलब्ध कराने की व्यवस्था की। 33 हजार करोड़ रुपए की मेट्रो परियोजनाओं की सरकार शुरुआत करने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जाति, धर्म ,मजहब से ऊपर उठकर प्रदेश के अंतिम तबके तक को विकास की कड़ी में जोड़ने के लिए प्रयत्नशील है।

Views: 18

Leave a Reply