मॉकड्रिल – एयर रेड सायरन बजते ही हुआ ब्लैकआउट

अफीम फैक्ट्री में दिखी आपदा से निपटने की तैयारी, पुलिस, सीआईएसएफ और विभिन्न विभागों की टीमों ने किया बचाव एवं राहत कार्यों का प्रदर्शन


गाजीपुर। युद्धकालीन अथवा किसी बड़ी आपातकालीन परिस्थिति में बचाव और राहत कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए रविवार को शासकीय अफीम एवं क्षारोद कारखाना परिसर में वृहद एयर रेड एवं सिविल डिफेंस मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। अभ्यास के दौरान एयर रेड सायरन बजाकर ब्लैकआउट कराया गया। इसके बाद आगजनी, हवाई हमले, बमबारी और अन्य आपात स्थितियों में लोगों को सुरक्षित निकालने तथा घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का सजीव प्रदर्शन किया गया।

     जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में कचहरी रोड स्थित कारखाने में शाम 5:30 से 6:30 बजे तक चले इस संयुक्त अभ्यास में मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश मिश्रा, कारखाना प्रबंधक रजत तिवारी और सीआईएसएफ के असिस्टेंट कमांडेंट गोविन्द नारायन मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

       मॉकड्रिल के दौरान शाम छह बजे सीआईएसएफ की बटालियन ने मॉक सायरन बजाकर हवाई हमले की चेतावनी दी। इसके तत्काल बाद विद्युत विभाग ने निर्धारित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट का अभ्यास कराया। इस दौरान घरों और प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद रखने, मोबाइल की रोशनी सहित अन्य प्रकाश स्रोतों का अनावश्यक इस्तेमाल नहीं करने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की प्रक्रिया बताई गई।

       शाम 6:10 बजे ऑल क्लियर सायरन बजने के बाद बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास शुरू हुआ। पुलिस बल, नेहरू युवा केंद्र के प्रतिनिधियों और आपदा मित्रों की टीम ने क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा उन्हें निर्धारित सुरक्षित स्थानों और शरणालयों तक पहुंचाने का प्रदर्शन किया। अग्निशमन विभाग और नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों ने आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल की जानकारी दी।

वहीं, स्वास्थ्य विभाग और रेडक्रॉस सोसाइटी की टीम ने घायलों की स्थिति के अनुसार उनकी पहचान एवं टैगिंग, प्राथमिक उपचार और गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया। मॉकड्रिल में रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु (सीबीआरएन) आपात स्थितियों से निपटने के उपायों की भी जानकारी दी गई।

       अधिकारियों ने नागरिकों को बताया कि हवाई हमले की चेतावनी मिलने पर खुले स्थानों से दूर रहना चाहिए और सुरक्षित स्थान पर शरण लेनी चाहिए। यदि तत्काल सुरक्षित आश्रय उपलब्ध न हो तो जमीन पर लेटकर सिर को हाथों, तकिये या बैग से ढकना चाहिए। साथ ही प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करना जरूरी है।

समापन पर मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी ने विभिन्न विभागों, सुरक्षा बलों और स्वयंसेवी संगठनों की सहभागिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के संयुक्त अभ्यास से आपातकालीन परिस्थितियों में विभागों के बीच समन्वय बेहतर होता है और बचाव एवं राहत कार्यों को तेजी से संचालित करने की क्षमता मजबूत होती है।

इस अभ्यास में सीआईएसएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य, अग्निशमन, विद्युत, शिक्षा और सूचना विभाग के साथ स्थानीय नगर निकाय, एनसीसी, नेहरू युवा केंद्र, रेडक्रॉस सोसाइटी, भारत स्काउट एवं गाइड, नवयुवक मंगल दल, नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों और आपदा मित्रों ने सक्रिय भागीदारी की।

Views: 0


Leave a Reply