मिशन शक्ति के तहत छात्रा बनी एक दिन की प्रधानाध्यापिका
गाजीपुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार को सादात विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय जगदीशपुर में कक्षा आठ की छात्रा आंचल को सांकेतिक रूप से एक दिन की प्रधानाध्यापिका की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।

एक दिन की सांकेतिक प्रधानाध्यापिका के रूप में आंचल ने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों को अनुशासन के साथ नियमित रूप से समय पर विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए स्वयं स्वच्छ रहने तथा विद्यालय परिसर को साफ-सुथरा रखने की अपील की।
मध्याह्न भोजन से पहले आंचल ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत भोजन का स्वाद लेकर उसकी गुणवत्ता परखी। इसके बाद अन्य विद्यार्थियों को भोजन करने की अनुमति दी गई। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं को समझने और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का प्रयास किया।
प्रधानाध्यापक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि इस गतिविधि के माध्यम से छात्राओं को विद्यालय की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों से परिचित होने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास के साथ नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की प्रवृत्ति विकसित करने में मदद मिलती है। इस अवसर पर एसएमसी अध्यक्ष बेचई राम,सहायक अध्यापक सतिराम राम, सोनू खरवार,जैनब रहमान, पूजा मिश्रा, अनीता यादव, रुखसाना, ऋचा मद्धेशिया, पूनम यादवऔर गीता देवी आदि उपस्थित रहीं।
Views: 11








