कायाकल्प योजना की समीक्षा बैठक में सम्बन्धित कर्मचारियों की लगी क्लास
गाजीपुर। विकास कार्यों और परिषदीय विद्यालयों की कायाकल्प योजना की समीक्षा बैठक मंगलवार को सादात ब्लॉक मुख्यालय पर सम्पन्न हुई।
मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता व जिला विकास अधिकारी राजन राय की मौजूदगी में सम्पन्न बैठक में ग्राम प्रधानों (प्रशासकों) और परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ सीधा संवाद किया गया। विकास कार्यों में लापरवाही और खराब प्रगति मिलने पर उच्चाधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित सचिवों को सख्त निर्देश दिया।
सीडीओ आलोक कुमार ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित 19 पैरामीटर के तहत परिषदीय विद्यालयों में सभी कार्य अनिवार्य रूप से पूरे किए जाएं। समीक्षा के दौरान 18 विद्यालयों में बाउंड्रीवॉल, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और 13 विद्यालय में टाइल्स लगाने (टाईलीकरण), किचन शेड का कार्य अधूरा मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई।
जिला विकास अधिकारी राजन राय ने कार्य में शिथिलता बरतने वाले सचिवों और ग्राम विकास अधिकारियों को सीधे तौर पर चेतावनी दी कि यदि कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ, तो उनका वेतन रोक दिया जाएगा। डीडीओ ने खंड विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह को निर्देशित किया कि तीन दिनों के भीतर सभी अधूरे कार्यों को धरातल पर शुरू करवाकर उन्हें जल्द से जल्द पूरा कराएं। साथ ही इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इसके साथ ही गांव के अन्य विकास कार्यों की भी बिंदुवार समीक्षा की गई और गुणवत्तापूर्ण काम समय से पूरा करने की हिदायत दी गई। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा, एसडीएम अतुल कुमार, बीईओ हेमवंत कुमार, प्रशासक डॉ अनिल राय, सुंदर जायसवाल, अब्दुल खालिक अंसारी, रमेश यादव, सुशील राय, शिक्षक सूर्य प्रताप सिंह, संतोष कुमार सिंह, शैलेन्द्र शर्मा, सचिव शैलेन्द्र प्रताप सिंह, शशि यादव, नदीम,अनुज सहित विभिन्न गांवों के प्रशासक और विद्यालयों के प्रधानाध्यापक मौजूद रहे।
Views: 2








