पेड़ पर लटकता मिला प्रेमी युगल का शव
गाजीपुर। सामाजिक और पारिवारिक विरोध के चलते एक यूवा जोडे ने बबूल के पेड़ पर लटक कर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। सुबह घटना की जानकारी होते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
यह सनसनीखेज घटना जिले के शादियाबाद थाना क्षेत्र के कुकड़ा गांव के एक प्रेमी युगल के साथ घटी। दोनों प्रेमियों के शव गुरुवार को गांव से डेढ़ किलोमीटर दूर बबूल के पेड़ से लटके देखकर लोगों की भीड़ जुट गई और लोग तरह तरह की चर्चाएं करने लगे। वहीं मृतक की पहचान गोलू बिंद (18वर्ष) और युवती की पहचान अंजू बिंद (20 वर्ष) के रुप में की गयी। गोलू राजकोट में रहकर काम करता था और हाल में ही वहां से वापस घर आया था जबकि मृतका अंजू घर पर ही रहती थी। दोनों एक दूसरे से प्रेम करते थे पर उनका परिवार उनकी शादी को लेकर राजी नहीं था।
मृतक की मां ने उनकी मौत को आत्महत्या मानने से इंकार करते हुए कहा कि अलसुबह तीन बजे अंजू के पिता हमारे घर आए थे और दोनों के घर से गायब होने की सूचना दी थी। उन्होंने गोलू और अंजू की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की बात कही।
इलाकाई पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और एक्सपर्ट की मदद से घटना की विभिन्न पहलुओं की जांच में जूटी हुई है। इस घटना को लेकर गांव में तनाव भरी खामोशी व्याप्त है जिसे देखते हुए पुलिस भी सतर्क है। मौत कब और कैसे हुई इसकी पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
Views: 29








