चर्चित हत्याकांड का एक और अभियुक्त गिरफ्तार    

गाजीपुर। अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में कोतवाली सदर पुलिस द्वारा चर्चित विनीत राय हत्याकाण्ड से सम्बन्धित प्रकाश में आये अभियुक्त सौरभ तिवारी पुत्र स्व. विनीत तिवारी को गिरफ्तार किया गया।


        अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में सोमवार 13 जुलाई को प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह मय हमराह द्वारा चौकियां मोड़ हाइवे के पास चेकिंग के दौरान थाना कोतवाली क्षेत्र में बिन्दू होटल के मालिक के युवा पुत्र विनीत राय की हत्या के पंजीकृत मुकदमें के प्रकाश में आये अभियुक्त सौरभ तिवारी पुत्र स्व. विनीत तिवारी निवासी ग्राम बीकापुर थाना कोतवाली जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए उसे न्यायालय के सुपुर्द किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

        उल्लेखनीय है कि गत 29 मई की रात बाइक सवार चार हमलावरों ने साथियों के साथ मिलकर, शहर के गौसाबाद स्थित बिन्दु होटल के बाहर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर होटल संचालक आलोक राय के युवा पुत्र विनीत राय की हत्या कर दी थी। विनीत राय की हत्या से शहर में सनसनी फ़ैल गई। कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए की गयी इस हत्या से होटल संचालकों, कारोबारियों, व्यापारियों और जनता में तीव्र रोष व्याप्त हो गया। पुलिस ने इस मामले में चार नामजद सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हमलावरों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों को सक्रिय किया। पुलिस ने हमलावरों की पहचान हेतु घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और साक्ष्यों को संकलित कर अन्य संदिग्धों की पहचान में लगी रही। इस मामले में लखटकिया वांछित अभियुक्त कमलेश चौधरी उर्फ़ कमलेश बिंद पुत्र तुफानी बिंद ग्राम गोड़ा देहाती गौशाबाद थाना कोतवाली जनपद गाज़ीपुर को तीन जून की रात पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था तथा अब तक कई अभियुक्तों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है। घटना के मुख्य आरोपी शंकर पाण्डेय को गिरफ्तार करने में पुलिस अब भी लगी हुई है।

Views: 31


Leave a Reply