जन्मजात ‘क्लब फुट’और  ‘क्लेफ्ट लिप एंड पैलेट’ के बच्चे का हुआ सफल आपरेशन

 

गाजीपुर। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत सादात ब्लॉक में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी सफलता प्राप्त की है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज सिंह के पर्यवेक्षण में चिकित्सकों की टीम ने क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान जन्मजात गंभीर बीमारियों से पीड़ित दो बच्चों की पहचान की। जांच टीम में डॉ. प्रियंका यादव, डॉ. आनंद पाण्डेय, डॉ. एस.पी. राय, डॉ. क्रितिका चौबे और फार्मासिस्ट खुशी साहू शामिल थीं।


          टीम ने पाया कि सादात के ग्राम सरसौली निवासी रानी देवी की छह वर्षीय पुत्री प्रज्ञा जन्मजात ‘क्लब फुट’ (टेढ़े पैर) की समस्या से पीड़ित थी। वहीं सादात निवासी विजय सिंह कुशवाहा और रानी कुशवाहा के पांच महीने के बेटे वीर सिंह को जन्म से ‘क्लेफ्ट लिप एंड पैलेट’ (कटा होठ और तालू) की गंभीर समस्या थी।

      चिकित्सकों ने इन दो मासूम बच्चों को चिन्हित करते हुए टीम की देखरेख में उनको उच्च स्तरीय इलाज के लिए भेजा गया। वीर सिंह और प्रज्ञा का इलाज जिला अस्पताल गाजीपुर और हेरिटेज अस्पताल वाराणसी में सफलतापूर्वक किया गया। सफल सर्जरी के बाद बच्चों व उनके परिजनों के चेहरे खुशी से दमक उठे। उनके परिजनों ने डॉक्टरों व सरकार की इस योजना के प्रति आभार व्यक्त किया है।

          प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शून्य से 18 वर्ष तक के बच्चों में जन्मजात दोषों, बीमारियों और विकास में देरी की पहचान कर उनका मुफ्त इलाज सुनिश्चित करना है। इसका लक्ष्य यह है कि कोई भी बच्चा पैसे के अभाव में इलाज से वंचित न रहे।

Views: 16


Leave a Reply