पीएम सम्मान निधि के किसानों का वार्षिक ई-के.वाई.सी. आवश्यक
गाजीपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी किसानों को अब वर्ष में एक बार ई-के.वाई.सी. कराना अनिवार्य किया गया है। उप कृषि निदेशक ने बताया कि योजना को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और वास्तविक पात्र किसानों तक सीमित रखने के उद्देश्य से वार्षिक ई-के.वाई.सी. की व्यवस्था लागू की गई है। अब निर्धारित अवधि में ई-के.वाई.सी. नहीं कराने वाले किसानों की योजना की किस्तें अस्थायी रूप से रोक दी जायेंगी और ई-के.वाई.सी. पूर्ण होने के बाद ही अगली किस्त जारी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कृषि विभाग की तरफ से किसानों की सुविधा के लिए कई विकल्प उपलब्ध कराए गये हैं, ताकि वे आसानी से अपनी प्रक्रिया पूरी कर सकें। उन्होने बताया कि भारत सरकार की तरफ से विकसित पी.एम. किसान मोबाइल ऐप के माध्यम से किसान घर बैठे स्वयं फेसियल ई-के.वाई.सी. कर सकते है। इसके अलावा किसान अपने निकटतम जन सेवा केन्द्र पर जाकर बायोमेट्रिक ई-के.वाई.सी. भी करा सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल नंबर आवश्यक होगा। कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार न्याय पंचायत एवं विकास खण्ड स्तर पर तैनात विभागीय कर्मचारियों के माध्यम से भी किसानों की ई-के.वाई.सी. कराई जा रही है।
Views: 29









