आध्यात्मिक पीठ भुड़कुड़ा मठ के नवनिर्माण हेतु शिलारोपण सम्पन्न
सरकारी पहल का हुआ जोरदार स्वागत
गाजीपुर। सनातनी आध्यात्मिक पीठ भुड़कुड़ा मठ के भव्य सुंदरीकरण एवं विकास के लिए प्रदेश सरकार द्वारा दो करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत होने के बाद कार्य का शुभारम्भ किया गया। सरकार की विरासत बचाने के साथ विकास की महत्वाकांक्षी पहल से मठ के भौतिक स्वरूप में युगानुकूल परिवर्तन होगा। वहीं संत परंपरा एवं आध्यात्मिक संस्कृति से जुड़े इस ऐतिहासिक सिद्धपीठ के विकास हेतु सरकार द्वारा उठाया गया यह कदम अत्यंत सराहनीय है। मठ परिसर में होने वाले निर्माण से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं एवं आध्यात्मिक वातावरण की सुखद अनुभूति प्राप्त होगी।
जखनियां तहसील अंतर्गत स्थित प्राचीन सिद्धपीठ भुड़कुड़ा मठ का इतिहास पुरानी सतनामी संत परंपरा से जुड़ा हुआ है। यह मठ केवल पूर्वांचल ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर अपनी आध्यात्मिक पहचान के लिए प्रसिद्ध है। संतों की तपस्थली एवं समाधियों से जुड़ा यह पवित्र स्थल अध्यात्म और ज्ञान की अद्भुत परंपरा को संजोए हुए है। महान दार्शनिक एवं विचारक आचार्य रजनीश ने भी अपने प्रवचनों में भुड़कुड़ा मठ की महत्ता का उल्लेख किया है।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों के विकास को बढ़ावा देने की दिशा में उठाये गये कदम से भुड़कुड़ा स्थित मठ परिसर में सुंदरीकरण, आवश्यक भवन निर्माण तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न कार्य पूर्ण होने से श्रद्धालुओं तथा आगन्तुकों को लाभ मिलेगा। मठ परिसर में सिद्धपीठ के पीठाधीश्वर श्री महंत शत्रुघ्नदास जी महाराज के पावन सानिध्य में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नवनिर्माण हेतु शिलारोपण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने योगी सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे संत परंपरा एवं आध्यात्मिक धरोहर के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर मठ के प्रबंधक उमाशंकर पांडेय, पीजी कॉलेज भुड़कुड़ा के संस्थापक सदस्य कन्हैया सिंह, स्वामी रामकृष्ण इण्टर कालेज जाहीं के प्रधानाचार्य प्रमोद मिश्र सहित क्षेत्र के सम्मानित लोग उपस्थित रहे।

Views: 15









