नव चयनित हॉकी खिलाड़ी को डीएम ने किया सम्मानित

भारतीय प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ आरिका कुमारी का चयन


मऊ। जिले के काझां क्षेत्र के ग्राम बमहौर निवासी राम प्यारे राम की पुत्री आरिका कुमारी, का अंडर-18 हॉकी टीम में चयन होने पर जिले में उल्लास का वातावरण है। आरिका कुमारी की बड़ी बहन शशि कला कुमारी भी हॉकी की खिलाड़ी हैं। हॉकी के खेल से ही उनका चयन स्पोर्ट कोटा से सीआईएसफ में उपनिरीक्षक के पद पर हुआ था।

      बताते चलें कि वर्तमान में आरिका कुमारी स्पोर्ट्स कॉलेज, गोरखपुर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। झारखंड में आयोजित राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन भारतीय प्रशिक्षण शिविर के लिए किया गया है। इस प्रशिक्षण शिविर से अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं हेतु खिलाड़ियों का चयन किया जाना है।

        उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने आरिका कुमारी को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे जनपद के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने जनपद के अन्य खिलाड़ियों को भी उनसे प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। 

       उल्लेखनीय है कि आरिका कुमारी ने अपने खेल जीवन की प्रारंभिक प्रशिक्षण डॉ भीम राव स्पोर्ट्स स्टेडियम मऊ से प्राप्त किया, जहाँ उनके प्रशिक्षक ओमेंद्र सिंह द्वारा उन्हें निरंतर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं खेल प्रेमियों द्वारा आरिका कुमारी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Views: 30

Advertisements

Leave a Reply