फार्मर रजिस्ट्री के अभाव में नहीं मिलेगा योजनाओं का लाभ
गाजीपुर। बगैर फार्मर रजिस्ट्री के अब किसानों को सम्मान निधि नहीं मिल पायेगी। इसके साथ ही उन्है उर्वरक, बीज का क्रय करने में लाभ नहीं मिल पायेगा। बगैर फार्मर रजिस्ट्री के कृषि एवं सम्बद्ध विभाग जैसे- उद्यान, मत्स्य, पशुपालन, लघु सिंचाई, खाद्य एवं विपणन जैसे महत्वपूर्ण विभागों से मिलने वाले लाभों से वंचित हो जायेगें। सरकारी क्रय केन्द्रो पर न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कृषि उत्पाद का क्रय भी सम्भव नहीं होगा।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जिले के किसानों से आग्रह किया है कि शासन की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए वे अपनी फार्मर रजिस्ट्री शीघ्र बनवा लें। उन्होने बताया कि जनपद में अब तक तीन लाख 59 हजार से अधिक किसान सम्मान निधि पाने वाले किसान अपनी फार्मर रजिस्ट्री बनवा चुके है। इसके अलावा 60 हजार से अधिक किसान जो सम्मान निधि का लाभ नहीं प्राप्त करते हैं, उन्होने ने भी अपनी फार्मर रजिस्ट्री बनवा ली है। इस प्रकार जनपद में कुल 4 लाख 20 हजार से अधिक कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री बनाई जा चुकी है। फार्मर रजिस्ट्री के लिए 6 अप्रैल से प्रारम्भ विशेष अभियान के अन्तर्गत 900 ग्राम पंचायतो में विशेष कैम्प आयोजित किए गये है। यहां लेखपाल, पंचायत सचिव/ पंचायत सहायक, कोटेदार, ग्राम प्रधान, जन सुविधा संचालक फार्मर रजिस्ट्री बनवाने के लिए किसानों से सम्पर्क कर रहे हैं। 6 अप्रैल से अब तक लगभग 33 हजार से अधिक कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री बनवाई जा चुकी है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अंश निर्धारण न होने, आदेश कालम मे नाम होने, आधार एवं खतौनी के नाम में अन्तर होने पर मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। इसलिए स्वयं आगे बढ़कर अपने पड़ोसियों, रिश्तेदारों को इस महा अभियान में सम्मिलित कर अपना सहयोग प्रदान करें।
Views: 101









