आरोपी के घर के बक्से से मिला लापता किन्नर का शव और तीसरी मंजिल पर फंदे पर लटकता मिला आरोपी युवक
बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं जारी है। तीन दिन से लापता किन्नर का शव बक्से से तथा मकान स्वामी डेयरी संचालक के बेटे का शव घर में फंदे पर झूलता बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई
बताते चलें कि बैरिया थाना क्षेत्र के रानीगंज बाजार स्थित सब्जी मंडी के समीप गुरुवार की सुबह विजय गुप्ता के मकान की तीसरी मंजिल पर उनके पुत्र रवि गुप्ता (28 वर्ष) का शव फंदे पर लटका मिला। फंदे पर लटके शव की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मकान को खंगाला तो उसके चौथी मंजिल के कमरे में रखे बक्से से, तीन दिन से लापता किन्नर रेखा (62वर्ष) का शव भी बरामद हो गया। किन्नर रेखा मूल रूप से बिहार के छपरा (सारण) के जगतियां गांव की रहने वाली थी जो लम्बे समय से क्षेत्र में ही रह रही थी। मकान से दो शव मिलने की सूचना पर स्थानीय व क्षेत्रीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। रवि गुप्ता के घर से किन्नर का शव मिलने को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।
उल्लेखनीय है कि किन्नर रेखा 17 फरवरी से लापता थी। उसका कोई पता न लगने पर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। किन्नर की खोज में लगी पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज देखा तो उस दिन किन्नर रवि गुप्ता के घर में जाते दिखाई दी थी। शक के आधार पर बुधवार को पुलिस ने रवि गुप्ता और उसके पिता विजय गुप्ता से पूछताछ भी किया लेकिन कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला था। पुलिस किन्नर की गुमशुदगी की सुरागरसी में लगी थी कि अचानक गुरुवार की सुबह पुलिस को रवि गुप्ता के फंदे पर लटके होने की सूचना मिली।
पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार रात भोजन के बाद रवि गुप्ता घर के तीसरी मंजिल पर सोने गया था। गुरुवार सुबह जब उसकी पत्नी उसे जगाने गई तो कमरे का दरवाजा खुला था और रवि गुप्ता का शव रस्सी के सहारे फंदे पर लटक रहा था। यह देख वह चिल्लाने लगी और नीचे पहुंच कर परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के साथ ही साथ घर की भी तलाशी ली तो पुलिस को चौथी मंजिल पर बने कमरे में रखे बक्से में कपड़े से ढककर रखा हुआ किन्नर रेखा का शव बरामद हुआ। पुलिस दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया और मकान को सील कर साक्ष्य जुटाने के प्रयास में लगी रही।
उधर जंगल में आग की तरह फैली रेखा की मौत की खबर सुनकर सैकड़ों किन्नर पोस्टमॉर्टम हाउस जा पहुंचे। किन्नर समाज अध्यक्ष माधुरी पांडेय ने आरोप लगाया कि रेखा किन्नर और रवि गुप्ता के बीच पैसों का लेन-देन चलता रहता था। रवि ने उससे काफी पैसे ले रखे थे। रवि ने रेखा की हत्या कर उसकी जीवनभर की कमाई लूट ली है। किन्नर समाज ने हत्या का आरोप लगाते हुए मृत रवि गुप्ता, उसकी पत्नी मोना गुप्ता, पिता, मां, भाई और चाची के खिलाफ प्रथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस ने शक के आधार पर मृतक के पिता विजय गुप्ता, मृतक की पत्नी समेत अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ में लगी रही। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि गुमशुदा किन्नर रेखा का शव रवि गुप्ता के घर से बरामद हुआ है। किन्नर की हत्या के मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। हत्या के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
Views: 112








