नर्सिंग कॉलेज में सम्पन्न हुआ लैंप लाइटिंग एवं शपथ ग्रहण
गाजीपुर। सादात क्षेत्र के बाबा गजाधर दास नर्सिंग कॉलेज, आतमपुर छपरा में लैंप लाइटिंग एवं शपथ ग्रहण समारोह रविवार को सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर नर्सिंग की प्रशिक्षु छात्राओं ने मानव सेवा, करुणा, निष्ठा और नैतिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की शपथ ली।
यह समारोह प्रशिक्षु विद्यार्थियों के जीवन में सेवा भाव, अनुशासन और जिम्मेदारी से भरे एक उज्ज्वल भविष्य के आरंभ का प्रतीक रहा। फ्लोरेंस नाइटिंगेल से प्रेरित होकर छात्राओं ने करुणा और समर्पण के साथ नर्सिंग के नेक पेशे को अपनाने तथा मानवता की सेवा करने का संकल्प लिया। यह आयोजन छात्राओं के लिए नर्सिंग के क्षेत्र में औपचारिक प्रवेश का प्रतीक बना, जो उन्हें एक जिम्मेदार और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवा पेशेवर बनने के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम के आरंभ में संस्था के संस्थापक स्व. जूठन सिंह यादव के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बतौर मुख्य अतिथि डॉ. चंद्रशेखर केजी ने प्रशिक्षु छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि नर्सिंग एक ऐसा क्षेत्र है जो सीधे इंसानियत की सेवा से जुड़ा है। उन्होंने छात्राओं को सफलता के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कॉलेज के निदेशक डॉ. पीयूष यादव ने नर्सिंग प्रोफेशन को एक नोबल प्रोफेशन बताते हुए कहा कि इसमें सेवा के साथ-साथ दुआओं की भी कमाई होती है। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा में नर्सों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर विवेक यादव, प्रधान लिपिक मन्नू सिंह यादव, डॉ. सौरभ भारद्वाज, राजकुमारी मौर्या, पूजा यादव, शबनम यादव, पूजा शर्मा सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षु छात्राएं मौजूद रहीं।
Views: 4







