पुलिस विद्यार्थी अनुभवात्मक अधिगम में युवाओं ने जानी पुलिस की कार्यशैली
गाजीपुर। छात्र-छात्राओं और युवाओं को पुलिस की कार्यप्रणाली से प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराते हेतु, पुलिस विद्यार्थी अनुभवात्मक अधिगम (स्टुडेन्ट पुलिस एक्सपेरिएंसियल लर्निंग :स्पेल 3) कार्यक्रम का शुभारंभ अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ राकेश कुमार मिश्रा द्वारा किया गया। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के मन से पुलिस के प्रति भय को निकालकर मित्रवत संबंध स्थापित करना रहा। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों से चयनित विद्यार्थी जन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अध्यक्ष अपर पुलिस अधीक्षक डॉ राकेश कुमार मिश्र द्वारा पुलिस विद्यार्थी अनुभवात्मक अधिगम के विषय में बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य स्रातक स्तर के छात्र/छात्राओं को पुलिस थाने और अन्य पुलिस प्रतिष्ठानों में तीस दिवसीय अनुभवात्मक सिखलाई (एक्सपेरिएंसियल लर्निंग) करायी जायेगी ताकि छात्र/छात्राओं के संज्ञानात्मक कौशल व लोक कौशल में सुधार हो सके। इससे वे कानून और अपराधिक प्रक्रिया, अपराधिक अनुसंधान, यातायात नियंत्रण, साइबर क्राइम, मानव तस्करी, कानून व्यवस्था इत्यादि विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। इससे जहाँ विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा, जो उनके भविष्य के लिए उपयोगी होगा, तो दूसरी तरफ पुलिस के लिए भी यह एक ऐसा अवसर है कि वे युवा पीढ़ी में पुलिस मित्र बना सकें। इसके द्वारा हम छात्र/छात्राओं को पुलिस के समक्ष आने वाली नित नई-2 चुनौतियों से अवगत कराकर आमजन में अपनी अच्छी छवि प्रस्तुत कर सकते हैं। पुलिस के युवा मित्र स्वयं तो लाभान्वित होंगे ही, साथ ही पुलिस को नए सुझाव दे सकते हैं। सोशल मीडिया पर पुलिस के लिए सकारात्मक विचार प्रसारित करेंगे तथा सकारात्मक रूप से प्रेरित विद्यार्थी पुलिस विभाग में अपना करियर चुन सकेंगे। इसी क्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को थाना, बीट, हल्का आदि की कार्य प्रणाली के साथ-साथ वाद रजिस्टर करना, विवेचना करना एवं महिला थाने में कार्यवाही की प्रक्रिया से परिचित कराना, घटना स्थल का मुआयना, वृद्धाश्रम एवं अन्य संस्थाओं का भ्रमण कराना भी शामिल है।
कार्यक्रम के उपरांत अपर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में विद्यार्थियों को पुलिस लाइन प्रांगण में स्थित आदेश कक्ष, शस्त्रागार, आनलाइन पुलिस प्रशिक्षण कक्ष, फायर ब्रिगेड व्यवस्था, जनपद नियंत्रण कक्ष, डायल 112 कण्ट्रोल रूम, परिवहन शाखा एवं साइबर थाना का भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को सुरक्षा व्यवस्था, परिवहन व्यवस्था, साइबर अपराधों, शस्त्रों, कम्युनिकेशन सिस्टम, फायर के कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर कार्यक्रम के राष्ट्रीय सेवा योजना के जनपद नोडल अधिकारी मनीष कुमार सोनकर ने बताया कि कल दिनांक 21 जनवरी से सभी बच्चे निर्धारित समय पर अपने लिए निर्धारित थाना में उपस्थित होकर अनुभवात्मक अधिगम में प्रतिभाग करेंगे।
कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले महाविद्यालय के शिक्षकगण तथा थाना स्तर के नोडल पुलिस अधिकारियों में उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार मिश्र व आरक्षी सिकंदर कुमार थाना सादात, उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार व राहुल गुप्ता थाना मुहम्दाबाद, उपनिरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय व आरक्षी आशीष कुमार थाना सैदपुर, उपनिरीक्षक राजेश कुमार व पवन कुमार गुप्ता थाना कोतवाली, विकास यादव, राकेश सिंह यादव ,शैलेश यादव ,शिव प्रकाश राय ,शिवम सिंह दीपक ,गुलशन कुमार,सानिया बानो ,अमृत प्रजापति, अनुष्का, रोशन राय, काजल वर्मा, ज्योति, श्रेया गुप्ता, नेहा, गोल्डी यादव, प्रिंस यादव, आदित्य सोनकर, आनंद, कौशल यादव,अंकित राजभर, कुमकुम यादव, माया कुमारी, इमरान शाह, नितेश कुशवाहा, ओमप्रकाश बिंद, विवेक कुमार चौधरी आदि लोग मौजूद रहे।
Views: 23









