सड़क हादसों में जीवन बचाने के लिए पुलिसकर्मियों को दिया प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण

गाजीपुर। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की समय रहते मदद कर उनकी जान बचाने के उद्देश्य से गाजीपुर पुलिस की क्रिटिकल कॉरिडोर (सीसी) टीमों को प्राथमिक उपचार का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में रविवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ।
इस दौरान नामित थानों के सीसी टीम प्रभारियों और पुलिसकर्मियों को डॉ. पंकज परमार एवं डॉ. उमाशंकर ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को एम्बुलेंस पहुंचने से पहले दी जाने वाली प्राथमिक चिकित्सा के बारे में जानकारी दी। प्रशिक्षण में घायल की सांस की स्थिति जांचने, सांस नहीं चलने पर सीपीआर देने तथा आवश्यक प्राथमिक उपचार के विभिन्न तरीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
क्षेत्राधिकारी यातायात अनिन्द्य विक्रम सिंह और प्रभारी निरीक्षक यातायात बालेंद्र कुमार की मौजूदगी में हुए प्रशिक्षण के बाद पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे थानों में तैनात अन्य सहकर्मियों को भी प्राथमिक उपचार संबंधी जानकारी से अवगत कराएं, ताकि दुर्घटना की स्थिति में एम्बुलेंस पहुंचने तक घायलों को समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
Views: 7








