तेज रफ्तार डंफर ने बाइक में मारी टक्कर,एक युवक ने तोड़ा दम दूसरा लड़ रहा जिंदगी की जंग
गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के लीलापुर गांव की पुलिया के समीप बुधवार की सुबह हुए हृदयविदारक सड़क हादसे में जहां बाइक सवार एक किशोर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई वहीं दूसरा युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
बताया गया कि जमानियां की ओर से बालू लादकर आ रहे डम्पर ने लीलापुर नहर पुलिया के पास बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी और चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। इस हादसे में लीलापुर गांव निवासी लक्की निषाद पुत्र इंद्रजीत निषाद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, उसका साथी कृष्णा निषाद पुत्र रामावतार निषाद गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गम्भीर बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फ़ैल गई और मृतक के परिजनों की चित्कार से माहौल गमगीन हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर पीछे से आ रहे एक अन्य बालू लदे ट्रक में आग लगा दी। हालात बेकाबू होते देख उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड की मदद से आग र काबू पाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि लापरवाह डंफर चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को मुआवजा एवं घायल युवक की बेहतरीन चिकित्सा करायी जाये। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर और यथोचित कार्रवाई का आश्वासन देकर मृत युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Views: 424






