‘गाजीपुर गौरव सम्मान’ से सम्मानित होंगे पूर्व आई.ए.एस बालेश्वर राय
गाजीपुर। साहित्य चेतना समाज के चेतना महोत्सव-2025 में पूर्व आई.ए.एस. अधिकारी बालेश्वर राय को ‘गाजीपुर गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। संस्था का चालीसवां वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं ‘गाजीपुर गौरव सम्मान’ समारोह आगामी 23 मार्च दिन रविवार को आयोजित किया गया है।
संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी अमर ने बताया कि क्षेत्र विशेष में उत्कृष्ट कार्य करने वाले गाजीपुर जनपद की किसी विभूति को संस्था अपने वार्षिक समारोह में ‘गाजीपुर गौरव सम्मान’ से सम्मानित करती है। इस वर्ष यह सम्मान प्रशासनिक क्षेत्र में विशेष कार्य हेतु पूर्व आई.ए.एस. अधिकारी बालेश्वर राय का चयन किया है। इस सम्बन्ध में संस्था के प्रतिनिधि-मण्डल ने उनसे उनके पैतृक आवास पर मिलकर इस निर्णय से अवगत कराते हुए उनकी सहमति प्राप्त किया। प्रतिनिधि-मण्डल में संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी अमर,संगठन सचिव प्रभाकर त्रिपाठी,उपाध्यक्ष इंजी.संजीव गुप्त एवं मुन्ना राय शामिल रहे।
बताते चलें कि जनपद के ढढ़नी गांव के मूल निवासी बालेश्वर राय वर्ष 1968 में भारतीय पुलिस सेवा (आई पी एस) में चयनित हुए थे। आई पी एस की ट्रेनिंग के दौरान ही वर्ष 1970 में उनका चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा (आई ए एस) में हो गया। मिजोरम व अरूणाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में जिलाधिकारी के पद पर उल्लेखनीय कार्य किया। उन्होंने एन डी एम सी दिल्ली के चेयरमैन और दिल्ली जल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सी ई ओ) के पदों पर रहकर उत्कृष्ट योगदान दिया। भारत सरकार के गृह मंत्रालय व विद्युत मंत्रालय के ज्वाइंट सेक्रेटरी व दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशक, लोक जन शिकायत आयोग दिल्ली के चेयरमैन के रूप में आपका अविस्मरणीय योगदान रहा। गोवा के मुख्य सचिव के रूप में वहाँ के लिए भी सराहनीय कार्य किया। वर्ष 1990-93 में आतंकवाद से प्रभावित पंजाब के राज्यपाल के सलाहकार के रूप में वहाँ शांति स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपने कार्यकाल में जनपद के सैकड़ों लोगों को आपने रोजगार से जोड़ा। संप्रति माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सदस्य के रूप में अपनी सेवा दे रहे हैं।
Views: 317