कुष्ठ जागरूकता रैली के साथ कार्यक्रम का समापन
गाजीपुर। स्पर्श कुष्ठ रोग जागरूकता अभियान का समापन गुरुवार को किया गया। एक पखवारे तक चले कार्यक्रम के समापन के अवसर पर विकास भवन से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को मुख्य विकास अधिकारी संतोष वैश्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील कुमार पांडेय व बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में परिषदीय विद्यालय के छात्रों ,अध्यापकों, बेसिक शिक्षा विभाग के कर्मचारी के साथ ही कुष्ठ विभाग के कर्मचारियों को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता फैलाने का शपथ भी दिलाई गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील कुमार पांडे ने बताया कि साल 2025 के लिए “मिलकर जागरूकता फैलाए भ्रांतियां को दूर भगाएं कुष्ठ प्रभावित कोई पीछे छूट न जाए” इसी थीम पर यह कार्यक्रम 30 जनवरी से 13 फरवरी तक चला। इसमें विभिन्न माध्यमों से शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में कुष्ठ रोग के प्रति आमजन को जागरूक करने का काम किया गया। जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ रामकुमार ने बताया कि जनपद में गुरुवार से स्पर्श कुष्ठ रोग अभियान के तहत घर-घर जाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम कुष्ठ रोगियों की पहचान के बारे में बताया गया था। लक्षणों के आधार पर रोगियों की पहचान की गयी। उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग से डरने की आवश्यकता नहीं है। शरीर का कोई भी दाग धब्बा जिस पर सुन्नपन हो, उसमें खुजली न हो, पसीना न आता हो, कुष्ठ रोग हो सकता है । कान पर गांठे होना, हथेली और तलवों पर सुन्नपन होना कुष्ठ रोग के लक्षण हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग की दवा सभी सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क उपलब्ध है। कुष्ठ रोग से दिव्यांग हो चुके व्यक्ति को सर्जरी के लिए रेफर किए जाने पर पीड़ित को विभाग द्वारा आठ हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है। इस कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ जे एन सिंह, डॉ मनोज सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार, बेसिक शिक्षा विभाग के कर्मचारी अध्यापक के साथ ही कुछ विभाग के कर्मचारी और परिषदीय विद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र शामिल रहे।
Views: 12









