ड्यूटी के दौरान सेना के जवान की मौत, उनके घर में मचा कोहराम
गाज़ीपुर। जम्मू कश्मीर के लाला द बाग में तैनात जिले के सादात थाना क्षेत्र के ग्राम इकरा निवासी हवलदार राजेंद्र यादव (35 वर्ष) पुत्र रामसकल यादव की ड्यूटी के दौरान हृदय गति रूकने से शुक्रवार को मौत हो गई।
सेना के अधिकारियों ने परिजनों को इसकी सूचना दी। मौत की टखबर सुनते ही इकरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। आर्मी के साथी जवानों के मुताबिक वह ड्यूटी के दौरान गश्त आने पर अचानक गिर पड़े। स्थिति की नजाकत को देखते हुए साथी जवानों ने उन्हें हास्पिटल पहुंचाया, जहां डाक्टरों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सेना के अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी को साझा करते हुए मृतक फौजी के छोटे भाई अजय उर्फ मूलचंद्र यादव ने बताया कि शनिवार की देर शाम बाबतपुर एयरपोर्ट पर आने के बाद रविवार 27 अगस्त की सुबह उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव लाया जाएगा। इसके बाद राजकीय सम्मान के साथ अन्तिम संस्कार किया जायेगा।
राजेंद्र यादव वर्ष 2009 में देश की सेवा के लिए आर्मी में भर्ती हुए थे। उनकी शिक्षा दीक्षा गांव के ही स्कूल में हुई थी। परिजनों के अनुसार करीब एक महीने पहले छुट्टी लेकर घर आने के बाद जाते समय बच्चों से वादा करके गए थे कि छुट्टी मिलते ही घर आऊंगा। वह तीन भाइयों में दूसरे नम्बर पर थे। इनके बड़े भाई फूलचंद्र यादव भी आर्मी में वर्तमान समय दिल्ली में तैनात हैं। पिता रामसकल यादव ने बताया कि राजेन्द्र का बचपन से ही सेना में भर्ती होकर देशसेवा करने का सपना था। उनके सेना में जाने पर काफी खुशी हुई थी, लेकिन आज बेटे के निधन की सूचना मिलते ही पूरा परिवार शोक में डूबा हुआ है। उधर सैनिक की पत्नी रीता यादव, पुत्र अंश (08वर्ष) और आयुष (06वर्ष) के साथ ही फौजी के पिता रामसकल यादव, माता नागेश्वरी देवी, बड़े भाई फूलचंद्र यादव का रो रोकर बुरा हाल रहा।
Views: 266