चौपाल में डीएम ने दिए समस्याओं के निस्तारण के निर्देश 

अन्नपूर्णा भवन का हुआ शुभारम्भ


गाजीपुर। ‘‘सरकार आपके द्वार‘‘ कार्यक्रम के अन्तर्गत जन-समस्या समाधान शिविर व जन चौपाल का आयोजन जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में विकास खंड कासिमाबाद के ग्राम पंचायत सिधउत में सम्पन्न हुआ।

      बताया गया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने, ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने तथा विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु लगे चौपाल में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों द्वारा विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना, राजस्व कार्य, पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं तथा शिक्षा व्यवस्था से संबंधित विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव प्रस्तुत किए गए। 

     जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कैम्प के माध्यम से जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होने वृद्धा पेंशन, निराश्रत महिला पेंशन, बाल सेवा योजना, श्रम पंजीयन, प्रधानमंत्री किसान, फार्मर रजिस्ट्री, शौचालय, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, कन्या सुमंगला आदि योजनाओं का अभियान चलाकर उसका लाभ पात्र व्यक्ति को दिया जाय। 

        चौपाल के  दौरान जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने गांव में बनाये गये अन्नपूर्णा भवन का फीता काटकर शुभारम्भ किया। क्रार्यक्रम में जिलाधिकारी द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा बच्चों का अन्नप्रासन भी किया गया। 

     जन चौपाल में उप जिलाधिकारी कासिमाबाद, क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद, परियोजना निदेशक महेन्द्र प्रताप यादव, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद उपाध्याय, डीसी मनरेगा विजय कुमार यादव, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, एवं जनपद स्तरीय अधिकारीगण, ग्राम प्रधान, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Views: 25


Leave a Reply