पच्चीस हजार का इनामियां दो साथियों सहित पुलिस मुठभेड़ में घायलावस्था में गिरफ्तार
दो दिन पहले ही दो लोगों को गोली मारकर किया था घायल
गाजीपुर। खानपुर थाना व सैदपुर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने पच्चीस हजार रुपए के इनामियां अपराधी अविनाश यादव को दो अन्य शातिर बदमाशों को बूढीपुर मोड़ से पुलिस मुठभेड़ में घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। बताते चलें कि खानपुर थाना क्षेत्र के कूढ़ालंबी गांव में सोमवार को चट्टी पर वहां के निवासी त्रिवेणी सिंह व उनके भतीजे विश्वजीत सिंह उर्फ राजन पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने वाले पच्चीस हजार रुपए के इनामियां अपराधी अविनाश यादव को दो अन्य शातिर बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ में घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों के कब्जे से पुलिस ने दो देशी तमंचा .315 बोर व एक देशी तमंचा .312 बोर, तीन खोखा कारतूस तथा पांच जिन्दा कारतूस बरामद कर लिया। गिरफ्तार हमलावरों में अविनाश यादव पुत्र स्वर्गीय भरत यादव निवासी ग्राम कूड़ालंबी थाना खानपुर, विकास उर्फ करिया यादव पुत्र रामकुँअर निवासी ग्राम नरकटा फोक थाना चन्दवक जिला जौनपुर और देवेंद्र चौहान उर्फ कल्लू चौहान पुत्र वीरेंद्र चौहान ग्राम कैंथवलिया थाना खानपुर रहे।
बताया गया कि अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जनपद के विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग पुलिस द्वारा की जा रही थी। इसी क्रम में थानाध्यक्ष खानपुर मय टीम पोखरा मोड़ पर चेकिंग कर रहे थे कि सामने से एक मोटरसाइकिल पर तीन व्यक्ति बिना हेलमेट भुझउआ की तरफ से आते दिखाई दिये। पुलिस द्वारा जब उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो वे मोटरसाइकिल पुलिस टीम पर चढ़ाने का प्रयास करते हुए बिहारीगंज डगरा की तरफ भागने लगे। थानाध्यक्ष खानपुर द्वारा उक्त व्यक्तियों का पीछा करते हुए जरिये आरटी सेट कंट्रोल रूम को सूचना दी और जरिये मोबाइल प्रभारी कोतवाली सैदपुर को सूचित कर उक्त व्यक्तियों को सामने से घेराबंदी करने के लिए कहा। इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सैदपुर मय टीम द्वारा उक्त व्यक्तियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की गई। बूढीपुर मोड़ पर सामने से खुद को घिरा देख बदमाशों द्वारा पुलिस टीम को निशाना बनाकर तीन राउंड फायर किया गया। इस पर पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ संतुलित जवाबी कार्रवाई में फायर किया गया पुलिस फायरिंग से तीनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और पुलिस ने उन्हें तत्काल धर दबोचा। घायल बदमाशों को प्राथमिक उपचार हेतु पुलिस अभिरक्षा में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खानपुर भेजा गया। गिरफ्तार अभियुक्त अविनाश यादव पर तीन, विकास उर्फ करिया यादव पर दो तथा देवेंद्र चौहान उर्फ कल्लू चौहान पर तीन अपराधिक मामले दर्ज हैं। अन्य विधिक कार्यवाही जारी है।
Views: 192









