पुराने विवाद में फायरिंग, चाचा भतीजा जख्मी 

हमलावरों की खोज में जूटी पुलिस टीम


गाज़ीपुर। जून माह के अंतिम दिन खानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुढ़लम्बी में पुरानी रंजीत को लेकर  दोपहर में हुई फायरिंग से गांव में सनसनी फ़ैल गई। फायरिंग में दो लोगों के जख्मी होने की जानकारी अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र प्रसाद ने दी। उन्होंने बताया कि फायरिंग में घायल एक व्यक्ति को ट्रामा सेंटर वाराणसी में भर्ती कराया गया है जबकि दूसरे व्यक्ति का इलाज क्षेत्रीय चिकित्सालय में किया गया है। 

          प्राप्त सूचना के अनुसार, खानपुर थाना क्षेत्र के कूढ़ालंबी गांव निवासी त्रिवेणी सिंह (55वर्ष) पुत्र स्वर्गीय लक्ष्मी सिंह अपने भतीजे विश्वजीत सिंह उर्फ राजन (30वर्ष) पुत्र बृजभूषण सिंह सोमवार को गांव की चट्टी पर नाई की दुकान पर गये थे। दुकान के बाहर खड़े कुछ संदिग्ध लोगों को देखकर त्रिवेणी और विश्वजीत को आशंका हुई। इस पर वह दोनों दुकान से निकल कर घर जाने लगे, तभी वहां मौजूद युवक उन पर फायर करने लगे। हमलावरों की एक गोली त्रिवेणी सिंह के हाथ में लगी जबकि तीन गोली विश्वजीत को लगी। जिसमें एक गोली उसके कंधे को छूते हुए निकली और एक गोली उसके पीठ में जा घुसी और तीसरी गोली विश्वजीत के बाएं कंधे में लगी। गोलियों की आवाज सुनकर गांव के लोग जबतक घटनास्थल की तरफ दौड़े तबतक  हमलावर मौके से फरार हो गए। आनन-फानन में लोगों ने दोनों लोगों को इलाज के लिए खानपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां त्रिवेणी सिंह का इलाज किया गया और गंभीर रूप से घायल विश्वजीत उर्फ राजन को सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहां गंभीर अवस्था में जख्मी विश्वजीत का इलाज जारी है।

      घटना का कारण पुरानी रंजीत बताया गया है। कहा गया कि लगभग ग्यारह वर्ष पूर्व गांव में क्रिकेट मैच के दौरान दो पक्षों में मारपीट हुई थी, जिसमें गांव निवासी मनीष यादव पुत्र भरत यादव गंभीर रूप से घायल हुआ था और वाराणसी में इलाज के दौरान कुछ दिनों बाद उसकी मौत हो गई थी। आरोप है कि मनीष की मौत का बदला लेने के लिए उसके भाई अविनाश उर्फ गोलू ने ही अपने दोस्तों के साथ मिलकर त्रिवेणी और विश्वजीत पर जानलेवा हमला किया है। गोली लगने से घायल किसान त्रिवेणी सिंह घर पर खेती-बारी करते हैं, जबकि विश्वजीत सिंह नोएडा में प्राइवेट सेक्टर में नौकरी करते हैं। वह दस दिन की छुट्टी पर घर आये थे। पुलिस क्षेत्राधिकार अनिल कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी हुई है। शीघ्र ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

Views: 112


Leave a Reply