सेवानिवृत्त होने पर डॉ. बद्रीनाथ सिंह की हुई विदाई
गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय,गाजीपुर के सैन्य विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. बद्रीनाथ सिंह ने अपनी अधिवर्षता पूर्ण कर कार्यमुक्ति पत्र प्राप्त कर अवकाश ग्रहण किया।
उल्लेखनीय है कि डॉ. सिंह ने अपनी सेवा के दौरान न केवल सैन्य विज्ञान विभाग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया, बल्कि पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के महामंत्री, महाविद्यालय शिक्षक संघ गाजीपुर और महाविद्यालय के छात्र कल्याण अधिष्ठाता (डीएसडब्ल्यू) के रूप में भी उल्लेखनीय योगदान दिया।
कॉलेज के प्राचार्य कक्ष में आयोजित विदाई समारोह में प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने अपने सम्बोधन में कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होता है और शिक्षक समुदाय ही विश्व का वह अनोखा समुदाय है जो सदैव अपने शिष्यों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है। डॉ० बद्रीनाथ सिंह का महाविद्यालय के प्रति समर्पण और उनकी शैक्षणिक और प्रशासनिक उपलब्धियां सभी के लिए प्रेरणादायी हैं। उनकी विदाई महाविद्यालय के लिए एक अपूरणीय क्षति है, किंतु उनकी शिक्षाएं और मूल्य हमेशा हमारे बीच जीवित रहेंगे। हम उनके स्वस्थ और सुखमय सेवानिवृत्त जीवन की कामना करते हैं। समारोह में महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों ने डॉ. सिंह को स्मृति चिह्न, श्रीमद्भागवत गीता भेंटकर सम्मानित किया। डॉ. सिंह ने अपने उद्बोधन में सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस मौके पर प्रोफ.जी. सिंह, अनिल कुमार पाण्डेय, संजय श्रीवास्तव, विवेक सिंह सम्मी, विजय सिंह, अरुण सिंह, अमितेश सिंह, प्रदीप सिंह, जैकी, घनश्याम, संजय सहित विभाग के अन्य शिक्षक और कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
Views: 119









