अन्ततः हत्यारोपी पहुंचा सलाखों के पीछे
गाज़ीपुर। हत्या के बीस दिन बाद आखिरकार सादात पुलिस ने हत्यारोपी पड़ोसी को गिरफ्तार कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया।
उल्लेखनीय है कि सादात थाना क्षेत्र के बुढ़नपुर गांव में 15/16 मई की रात अपने घर के बाहर सो रहे प्रेम प्रकाश राय (60 वर्ष) पुत्र स्व. बनारसी राय निवासी बुढ़नपुर की गोली मारकर हत्या की गयी थी। घटना के बाद पुलिस उच्चाधिकारियों व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और सादात थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह को कार्यवाही का निर्देश दिया था। मृतक की पत्नी प्रतिमा राय ने ईसी समय अपने पड़ोसी शैलेन्द्र उर्फ पीयूष राय पर हत्या की आशंका जतायी थी जिसके आधार पर पुलिस उसे पकड़ कर अपने साथ ले गयी तो क्षेत्रीय जनता व मृतक के परिजनों को भी उम्मीद जगी कि पुलिस शीघ्र ही घटना का खुलासा करेगी, लेकिन घटना के लगभग बीस दिन तक पुलिस सिर्फ आश्वासन देती रही कि घटना की तफ्तीश जारी है। करीब एक पखवाड़े तक हत्यारोपी के विरुद्ध कार्रवाई न होने से पुलिस पर सवालिया निगाहे उठने लगी थीं।
बुधवार चार जून को विभागीय प्रेस विज्ञप्ति द्वारा बताया गया कि थाना सादात पुलिस टीम ने मुकदमा सं. 80/2025 धारा 103(1)/352/351(3) बीएनएस व धारा 3/25 आयुध अधिनियम से सम्बन्धित अभियुक्त पीयूष राय उर्फ शैलेन्द्र राय पुत्र स्व. रामचन्द्र राय निवासी ग्राम बूढनपुर थाना सादात जनपद गाजीपुर उम्र 45 वर्ष को ईंट भट्ठा सवास से गिरफ्तार कर हत्या में प्रय़ुक्त आलाकत्ल नाइन एम एम पिस्टल भी बरामद कर ली है। बताते चलें कि गिरफ्तार अभियुक्त पीयूष राय उर्फ शैलेन्द्र राय पर सादात थाने में पहले से ही हत्या, आयुध अधिनियम और गुण्डा एक्ट के तहत मुकदमें दर्ज हैं। हत्यारोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने भले ही अभियुक्त को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया हो लेकिन एक लम्बे समय के बाद अभियुक्त का पकड़ा जाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Views: 238







