नौसेना संग्रहालय हेतु योगी ने किया भूमि पूजन

भारत की शक्ति व सामर्थ्य का प्रतीक होगा यह संग्रहालय – मुख्य मंत्री 

लखनऊ। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास बनने वाले नौसेना के शौर्य संग्रहालय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को भूमि पूजन किया। शिलान्यास समारोह में वाइस एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी भी मौजूद रहे।

       बताते चलें कि 23 करोड़ की लागत से बनने वाले संग्रहालय में रिटायर्ड युद्धपोत, आईएनएस गोमती व उससे संबंधित उपकरण मिसाइल, टारपीडो, कैनन आदि का प्रदर्शन किया जायेगा।

      इस मौके पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह नौसेना का शौर्य संग्रहालय भारत की पांच हजार सालों की शक्ति व सामर्थ्य का प्रतीक होगा। यह संग्रहालय लखनऊ का नया पर्यटन स्थल बनेगा।

       वाइस एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय नौसेना और लखनऊ के बीच संबंध है। आईएनएस गोमती जिसने 34 वर्ष तक अपनी सेवाएं दी। इसे पिछले वर्ष सम्मानपूर्ण रिटायर किया गया। त्रिपाठी ने कहा कि नौसेना में भर्ती होने वाले युवाओं में से बड़ी संख्या यूपी के युवाओं की हैं। इसलिए उन्हें सम्मान देने के लिए यूपी में संग्रहालय बनाना बिलकुल उचित है। उन्होंने कहा कि पृथ्वी का 71 फीसदी हिस्सा पानी है। 90 फीसदी आयत निर्यात पानी के रास्ते से किया जाता है। पानी का रास्ता सुरक्षा और समृद्धि की महत्वपूर्ण कड़ी है। दिनेश त्रिपाठी ने कहा कि ये संग्रहालय केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना में शामिल होने के लिए प्रेरणा देगा। युवा शक्ति से उम्मीद है कि वो भारत की महान धरोहर को आगे बढ़ाएं।

Views: 29

Leave a Reply