रात में शौच के लिए निकले अधेड़ का लहुलुहान शव सिवान से बरामद

गाजीपुर। भांवरकोल क्षेत्रान्तर्गत माचा गांव के सिवान में शुक्रवार को एक शव बरामद होने की सूचना पर गांव में सनसनी फैल गई। मृतक के कान, गले व सिर पर धारदार हथियार के निशान मौजूद थे। मौके पर लोगों की भीड़ लग गयी। शव की शिनाख्त माचा गांव के ही कुंवर राम पुत्र स्व. श्रीपति राम उम्र लगभग 58 वर्ष के रुप में हुई।
    उल्लेखनीय है कि मृतक कल रात्रि नौ बजे घर से शौच के लिए निकले थे और फिर वापस नहीं लौटे। मृतक का शव गांव से लगभग 250 मीटर दूर पश्चिमी सिवान में मिला। मृतक के कान, गले व सिर पर चाकू का निशान है।
     घटना की जानकारी पर पुलिस अधीक्षक डा.ओमप्रकाश सिंह द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। कप्तान ने उसके परिजनों से घटना के सम्बन्ध में जानकारी ली। उनके परिजनों से तहरीर प्राप्त कर अभियोग पंजीकृत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेंज दिया गया। एसपी ने  अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु सम्बंधित मातहदों को निर्देशित किया।

Visits: 60

Leave a Reply