वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मोतीलाल वोरा का निधन

नयी दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व राज्यपाल व पूर्व केन्द्रीय मंत्री मोतीलाल वोरा का 93 वर्ष की अवस्था में निधन हो गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा, कोरोना वायरस संक्रमण के बाद हुई स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के चलते निधन हो गया। 20 दिसंबर को ही उनका जन्मदिन था।
पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मूत्र संक्रमण के चलते उन्हें एस्कॉर्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, वहां वह वेंटिलर पर थे।आज सोमवार को उनका निधन हो गया।
बताया गया कि वह गत अक्टूबर महीने में कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती थे,जहां से बाद में उन्हें छुट्टी भी दे दी गई थी।
ज्ञातव्य है कि उनका जन्म 20 दिसंबर 1928 को राजस्थान के नागौर जिले में पिता मोहनलाल वोरा और मां अंबा बाई के पुत्र के रूप में हुआ था। उनकी शादी शांति देवी वोरा से हुई। उनके चार पुत्रियां व दो पुत्र हैं। उनके पुत्र अरुण वोरा दुर्ग से विधायक हैं और वे तीन बार विधायक के रूप में चुनाव जीत चुके हैं। रायपुर और कोलकाता से शिक्षा ग्रहण करने के बाद उन्होंने कई वर्षों तक पत्रकारिता करते हुए कई समाचार पत्रों में काम किया। उन्होंने वर्ष 1968 में राजनीति मे प्रवेश किया 1970 में मध्यप्रदेश विधानसभा से चुनाव जीतकर विधायक बने। वर्ष 1977 और 1980 में वे पुनः चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। अर्जुन सिंह मंत्रिमंडल में वर्ष 1980 में उन्हें उच्च शिक्षा विभाग का कार्यभार सौंपा गया और फिर वर्ष 1983 में वे कैबिनेट मंत्री बने। बाद में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नियुक्त हुए। लगातार आगे बढ़ते हुए 13 फरवरी 1985 को वे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। उन्होंने 13 फरवरी 1988 को मुख्यमंत्री के पद से त्यागपत्र दिया और 14 फरवरी 1988 को केंद्र के स्वास्थ्य परिवार कल्याण और नागरिक उड्डयन मंत्रालय का कार्यभार संभाला। वे अप्रैल 1988 में मध्य प्रदेश से राज्यसभा पहुंचे थे। मोतीलाल वोरा 26 मई 1993 से 3 मई 1996 तक उत्तर प्रदेश के राज्यपाल भी रहे।
एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड, यंग इंडियन और ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी में उनका महत्वपूर्ण स्थान रहा है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उनके निधन पर दुख प्रकट करते हुए ट्वीट किया, “वोरा जी एक सच्चे कांग्रेसी और बेहतरीन इंसान थे। हमें उनकी कमी बहुत महसूस होगी। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरा स्नेह एवं संवेदना है।” पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने वोरा के निधन पर दुख जताते हुए कहा, “मोतीलाल वोरा जी के निधन से कांग्रेस पार्टी के हर एक नेता, हर एक कार्यकर्ता को व्यक्तिगत तौर पर दुःख महसूस हो रहा है। वोरा जी कांग्रेस की विचारधारा के प्रति निष्ठा, समर्पण और धैर्य के प्रतीक थे।”
इसी क्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Visits: 83

Leave a Reply