विवाहिता की मौत संदेह के घेरे में, पोस्टमार्टम से होगी स्थिति स्पष्ट

गाजीपुर, 02 जनवरी 2020। जमानियां कोतवाली क्षेत्र के असैचन्दपुर गांव में आज सबेरे संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके वालों ने हत्या की आशंका जताकर पुलिस से कारर्वाई की मांग की। इसपर पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम हेतु भेंज दिया।
बताया गया है कि रोहुणा निवासी बाल्मिकी पाण्डेय की पुत्री प्रियंका पाण्डेय का विवाह 27 अप्रैल 2018 को असैचन्दपुर गांव के प्रद्‍युमन तिवारी पुत्र यशंवत तिवारी के साथ हुई थी। वर्तमान में मृतका की 7 माह की पुत्री भी है।
मृतका के परिजनों के अनुसार प्रियंका के ससुरालियों द्वारा बार बार फ्रीज और वाशिंग मशीन आदि की मांग की जाती रही और इसके लिए वे लोग प्रियंका को प्रताड़ित भी करते थे। सम्भवतः दहेज़ के चलते ही प्रियंका की हत्या की गयी है। उन्होंने प्रियंका के पति सहित सास ससुर पर प्रियंका की हत्या का आरोप लगाया।
इस सम्बंध में मृतका के ससुर यशवंत तिवारी ने कहा कि भोर में प्रियंका झटके से अपने आंगन में गिर पड़ी,जिससे उसे गम्भीर चोट लग गयी थी। घायलावस्था में उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। हमने मायका पक्ष को मोबाइल से सूचित करने की कोशिश की थी परन्तु नेटवर्क की खराबी के चलते फोन नहीं लगा।
वहीं मृतका के चचेरे भाई सुशील कुमार पाण्डेय ने कहा कि आज सुबह ग्रामीणों ने फोन कर बहन के मरने की सूचना दी तो हमलोग हक्काबक्का हो गये, क्योंकि कल शाम को उसने मोबाइल से वीडियोकॉल कर खुशी खुशी परिजनों से वार्ता किया था। उन्होंने कहा कि ससुराल पक्ष द्वारा उन्हें कोई सूचना नहीं दी गयी थी। बहन की मृत्यु की सूचना पर जब हमलोग वहां पहुंचे तो वहां दाह-संस्कार की तैयारी चल रही थी। हमलोगों ने बहन के शव को देखा तो उसके गले पर निशान देखा जो गला घोट कर या फांसी लगा कर मारने का संकेत है। यह देखकर हमने पुलिस को घटना की सूचना दी और मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेंज दिया। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने कहा कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्यवाही की जायेगी।इस सम्बंध में नायब तहसीलदार राकेश कुमार कनौजिया ने बताया कि प्रथम दृष्टिया यह मामला हत्या का ही प्रतीत हो रहा है, वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।

Visits: 84

Leave a Reply