पाबुक ! चक्रवाती तूफान हेतु “ऑरेंज” अलर्ट जारी

नई दिल्ली, 07 जनवरी 2019। केन्द्र सरकार ने चक्रवाती तूफान ‘पाबुक’ से बचाव हेतु अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के लिए “ऑरेंज” अलर्ट जारी कर लोगों से सचेष्ट रहने का आह्वान किया है। कल अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात “पाबुक” के अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की ओर बढ़ते खतरे की आशंका को देखते हुए तैयार रहने की जरूरत है। कल यह चक्रवाती तूफान ‘पाबुक’ अंडमान सागर और उसके आसपास मंडरा रहा था। गृह मंत्रालय ने कहा कि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के लिए “ऑरेंज” चेतावनी जारी की गयी है।
उल्लेखनीय है कि “ऑरेंज” अलर्ट, मौसम विभाग की चेतावनी है, जिसका अर्थ लोगों को “तैयार रखना” है,क्योंकि खराब या अत्यंत खराब मौसम की आशंका बलवती है और समुद्र, सड़क और हवाई यात्रा खतरनाक हो सकती है और जीवन व संपत्ति को भी नुकसान हो सकता है। अभी अंडमान सागर और उसके आस-पास के क्षेत्र के ऊपर मौजूद ‘पाबुक’ पिछले छह घंटे में 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर पश्चिम की तरफ बढ़ रहा है।
मौसम विभाग द्वारा आज अंडमान सागर और मध्यपूर्वी एवं दक्षिणपूर्वी बंगाल की खाड़ी से सटे इलाकों और कल आठ जनवरी तक मध्यपूर्वी एवं दक्षिणपूर्वी बंगाल की खाड़ी में मछली पकड़ने की गतिविधियों को पूरी तरह बंद रखने की सलाह दी गयी है। अधिकारी ने बताया था कि चक्रवाती तूफान ‘पाबुक’के उत्तर-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने और 65 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से रविवार की रात को अंडमान द्वीप को पार करने की प्रबल संभावना है. इसके बाद चक्रवात के उत्तर-उत्तर पश्चिम की दिशा में बढ़ने और फिर वापस म्यामां तट की ओर मुड़ने की संभावना है और फिर धीरे धीरे इसके आगे कमजोर होते रहने की संभावना है।

.़

Views: 211

Leave a Reply