खौफनाक ! नोयडा हादसा, नौ शव बरामद, चार गिरफ्तार

नोएडा (उत्तर प्रदेश),19 जुलाई 2018। बिसरख थाना क्षेत्र के शाहबेरी गांव में अवैध रूप से बनाई जा रही छह मंजिली इमारत के बुधवार की रात अचानक पड़ोस में बनी पांच मंजिला इमारत पर गिरने से क्षेत्र में हाहाकार मच गया। लोगों की चीख पुकार से पूरा क्षेत्र गमगीन हो गया। राहत व बचाव कर्मचारी रात से ही मदद में जुटे हुए हैं।मुख्य दमकल अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि रात में आठ शव निकाले गये थे और आज सुबह मलबे से एक और शव बरामद हुआ है, जिसकी पहचान नौशाद के रूप में हुई है।अभी भी कई लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है।मलबा पूरी तरह से हटाने में अभी और 20 घंटे का समय लग सकता है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के जवान अंदर फंसे लोगों को खोजी कुत्तों की मदद से ढूंढने का प्रयास कर रहे हैं। अबतक मिले नौ शवों में से छह लोगों की पहचान नौशाद, शमशाद, राजकुमारी, प्रियंका, रंजीत और पंखुड़ी (14 माह) के रूप में हुई है। पुलिस अन्य लोगों की पहचान का प्रयास कर रही है । उन्होंने बताया कि कल देर रात तक आठ शव निकाले गये थे। राहत कर्मियों ने अभी तक कुल नौ शव मलबे से निकाले हैं। इस घटना में बिसरख पुलिस ने 24 लोगों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर अब तक चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी बृजेश नारायण सिंह ने कल रात ही मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिये थे। घटना की जांच अपर जिलाधिकारी प्रशासन कुमार विनीत सिंह द्वारा की जा रही है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने जहां मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक मुआवजा देने की घोषणा की है ,वहीं हादसे के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक व सहायक महाप्रबंधक को कल रात तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विशेष कार्य अधिकारी को स्थानांतरित कर दिया।

Views: 40

Leave a Reply