डॉ. राज कुमार सिंह की जयंती पर ‘सम्भावनाएँ-2026’ का आयोजन
गाजीपुर। राजकीय सिटी इंटर कॉलेज में सम्भावना कला मंच एवं कला सूत्रम् के संयुक्त तत्वावधान में प्रख्यात चित्रकार एवं कला गुरु डॉ. राज कुमार सिंह की 49वीं जयंती पर ‘सम्भावनाएँ-2026’ का आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के तहत चित्रकला प्रदर्शनी, कला-लोक चित्रकला कार्यशाला, विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित वरिष्ठ चित्रकार एवं राजकीय सिटी इंटर कॉलेज, बलिया के कला शिक्षक डॉ. इफ्तखार खाँ, साहित्य चेतना समाज के संस्थापक अमरनाथ तिवारी ‘अमर’, वरिष्ठ कला शिक्षक एवं चित्रकार डॉ. सूर्यनाथ पाण्डेय, जगत नारायण सिंह तथा राहुल सांस्कृत्यायन विद्यालय, गौसपुर के संस्थापक राम नगीना कुशवाहा ने मां सरस्वती एवं डॉ. राज कुमार सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कला-लोक चित्रकला कार्यशाला में विभिन्न विद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। वरिष्ठ चित्रकार डॉ. इफ्तखार खाँ एवं केंद्रीय हिंदू बॉयज स्कूल, वाराणसी के कला शिक्षक डॉ. आशीष गुप्ता ने प्रतिभागियों को चित्रकला की बारीकियों से परिचित कराने के लिए डेमोस्ट्रेशन प्रस्तुत किया। इसके साथ आयोजित विचार गोष्ठी में अतिथियों ने कला शिक्षा, चित्रकला और नई पीढ़ी में रचनात्मक अभिरुचि विकसित करने से जुड़े विषयों पर विचार रखे।
सम्मान समारोह में डॉ. इफ्तखार खाँ को राष्ट्रपति के राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 एवं नेपाल के अंतरराष्ट्रीय नोबुल टैलेंट पुरस्कार-2024 से सम्मानित होने के उल्लेख के साथ पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्रम प्रदान कर ‘डॉ. राज कुमार सिंह स्मृति कला सम्मान’ से सम्मानित किया गया। वहीं ललित कला अकादमी, नई दिल्ली से ड्राइंग के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त गाजीपुर के हरिबल्लमपुर निवासी चित्रकार पंकज शर्मा को ‘सम्भावना कला रत्न सम्मान’ प्रदान किया गया। उनके सम्मान में प्रशस्ति पत्र का वाचन सम्भावना कला मंच के सह संयोजक डॉ. राजीव कुमार गुप्ता ने किया।
कार्यक्रम में आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी में सुधीर सिंह, बृजेश कुमार, विनोद प्रजापति, शिवांशी शर्मा, कृष्ण कुमार पासवान, आदित्य भारद्वाज, सत्यम मौर्य, मनीष कुशवाहा, अवधेश प्रजापति और उत्कर्ष सिंह सहित अन्य कलाकारों की कृतियां प्रदर्शित की गईं। इस अवसर पर साहित्य चेतना समाज के प्रभाकर त्रिपाठी, गरुण टॉकीज के संजीव श्रीवास्तव, डॉ. ऋतु श्रीवास्तव, सहजानंद प्रधान, प्रवीण श्रीवास्तव, मनोज सिंह सहित कला प्रेमी एवं बुद्धिजीवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विनय तिवारी और धन्यवाद ज्ञापन सम्भावना कला मंच की अध्यक्ष सीमा सिंह ने किया।
Views: 9








