गुरु का स्थान ईश्वर के समतुल्य
गाजीपुर। शिक्षक दिवस समारोह पूरे जिले के शैक्षणिक संस्थानों में श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाया गया। शिष्यों ने गुरु चरणों की बन्दनाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। ब्लॉक संसाधन केंद्र सादात पर शिक्षक दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के भारी संख्या में शिक्षक और शिक्षिकाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाषण का सजीव प्रसारण सुना और उनके विचारों को आत्मसात किया।
समारोह में मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र राय ने अपने संबोधन में शिक्षकों के लिए चलाई जा रही सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से कैशलेस चिकित्सा सुविधा एवं सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए उनसे अपने कर्तव्यों और दायित्वों का पूरी निष्ठा और सही ढंग से निर्वहन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर यूटा के जिलाध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह, संतोष कुमार सिंह, कुंदन सिंह, जगत नारायण सिंह, रमेश राय, ऋचा पाठक, स्मिता, अभिषेक सिंह, पीयूष सिंह, आशीष, राजन सहित काफी संख्या में शिक्षक शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
इसी क्रम में बापू महाविद्यालय, सादात तथा समता स्नातकोत्तर महाविद्यालय: में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर शिक्षक दिवस समारोह मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. त्रिवेणी सिंह ने शिक्षकों को विद्यार्थियों के चरित्र और भविष्य का निर्माता बताते हुए कहा कि आज के दौर में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार व नैतिक मूल्यों से जोड़ना जरूरी है। समारोह में उत्कृष्ट योगदान के लिए कई शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रस्तुत किया और सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Views: 2








