मनबढ़ बंदरों ने आठ वर्षीय बालक को किया लहूलुहान

गाजीपुर। क्षेत्र पंचायत सादात के ग्राम कनेरी में बंदरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार की शाम बंदरों के एक झुंड ने हमला कर एक आठ वर्षीय मासूम बालक को बुरी तरह काटकर लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। जानकारी के अनुसार, कनेरी गांव निवासी लखनचु सिंह का आठ वर्षीय पुत्र कान्हा सिंह शनिवार की शाम करीब छह बजे घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान अचानक बंदरों के झुंड ने उस पर हमला बोल दिया। बालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही बंदरों ने उसे काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बालक की चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने बमुश्किल बंदरों को खदेड़कर उसकी जान बचाई। घायल बालक को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। ग्रामवासियों का आरोप है कि पिछले दिनों नगर पंचायत सैदपुर के कर्मियों द्वारा क्षेत्र से पकड़े गए दर्जनों बंदरों को लाकर उनके गांव के आसपास छोड़ दिया गया था। तभी से ये बंदर लगातार हिंसक हो रहे हैं और आए दिन ग्रामीणों व बच्चों को निशाना बना रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बंदरों के इस आतंक के कारण अब बच्चों का घर से निकलना और खेलना-कूदना भी दूभर हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इन बंदरों को जल्द से जल्द गांव से पकड़वाया जाए, ताकि लोग सुरक्षित महसूस कर सकें।


Views: 15


Leave a Reply