नदी के टापू पर फंसे 12 चरवाहों और 2000 से अधिक भेड़ों का हुआ रेस्क्यू
गाजीपुर। गंगा नदी के टापू पर फंसे 12 चरवाहों और 2000 से अधिक भेड़ों को पुलिस व प्रशासन ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला।
बताते चलें कि दिनांक 30 अगस्त की रात्रि को प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना प्राप्त हुई कि गंगा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने के कारण सुहवल थाना क्षेत्र के ग्राम डूहिया सरैया के पास नदी के टापू पर एक दर्जन भेड़ चरवाहे अपनी लगभग ढाई हजार भेड़ों के साथ फंस गए थे। नदी में पानी का प्रवाह बढ़ने से चरवाहों में अफरातफरी और बेचैनी बढ़ गयी थी। रात के अंधेरे में किसी तरह यह सूचना पुलिस तक पहुंची। सूचना को तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एडीएम, एसडीएम सदर, क्षेत्राधिकारी नगर तथा पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ददरी घाट पहुंची।
रात के अंधेरे में फंसे लोगों की सटीक स्थिति का पता लगाने के लिए नाइट विजन ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल किया गया, जिससे 12 चरवाहों और लगभग 2000 से 2500 भेड़ों की लोकेशन चिन्हित की गई। सटीक लोकेशन मिलने पर फ्लड कंपनी पीएसी, पुलिस टीम, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नाविकों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। लगभग 6 घंटे तक चले जोखिम भरे और अथक रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी 12 चरवाहों और 2000 से अधिक भेड़ों को सकुशल सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
स्थानीय ग्रामीणों और चरवाहों ने गाजीपुर पुलिस व प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई और जीवन रक्षा के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की है।

Views: 29






