पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ हिस्ट्रीशीटर शातिर अपराधी 

पुलिस मुठभेड़ में दोनों पैरों में लगी थी गोली


गाजीपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा में भर्ती मरदह थाने का हिस्ट्रीशीटर शातिर अपराधी सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी शनिवार को तड़के करीब चार बजे सारी पुलिस व्यवस्था को धता बताते हुए शौचालय की जाली तोड़ फरार हो गया। शातिर अपराधी के फरार होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस उसकी तलाश में लगी हुई है। सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी पुत्र विजय पासी निवासी ग्राम नोनरा थाना मरदह जनपद गाजीपुर का निवासी है। उस पर विभिन्न अपराधिक मामलों में करीब पैंतीस मुकदमें दर्ज हैं।

          बताते चलें कि गहमर थाना क्षेत्र में एक अगस्त को हुई पुलिस मुठभेड़ में उसके  दोनों पैरों में पुलिस की गोली लगी थी। उसे घायलावस्था में गिरफ्तार कर पुलिस ने उसकी चिकित्सा कराते हुए उसे जेल पहुंचा दिया था। उसके पैरों में लगी गोली के ऑपरेशन के लिए ध्रुव को 21 अगस्त को पुनः मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में दाखिल कराया गया था जहां वह पुलिस की निगरानी में था। शनिवार 29 अगस्त की अलसुबह ध्रुव शौच के लिए व्हीलचेयर से दूसरे तल स्थित बर्न वार्ड के शौचालय में गया। शौचालय के बाहर पुलिसकर्मी मौजूद था। काफी देर बीतने के बाद जब ध्रुव शौचालय से बाहर नहीं निकला तो बाहर मौजूद पुलिस कर्मी ने आवाज लगाई। भीतर से कोई आवाज नहीं आने पर अन्ततः शौचालय का दरवाजा तोड़ा गया। शौचालय के भीतर की स्थिति देखकर लोग सन्न रह गये। वहां व्हीलचेयर और गमछा तो पड़ा मिला। शौचालय की जाली टूटी मिली और ध्रुव का कहीं नामोनिशान नहीं था।  इस घटना को लेकर पुलिस अधिकारी काफी चौकन्ने हैं और हर सम्भावित एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं, वहीं अस्पताल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगालने में जुटी हुई है।

Views: 63


Leave a Reply